Siwan News: सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पाण्डेयपुर गांव में बाइक से अपने घर लौट रहे एक युवक पर ईंट से हमला कर दिया गया। इस हमले में युवक किसी तरह बाल-बाल बच गया, लेकिन ईंट लगने से उसकी बाइक की पेट्रोल टंकी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित ने स्थानीय थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बाजार से लौटने के दौरान हुआ हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाण्डेयपुर गांव निवासी बबलू प्रसाद यादव अपनी रॉयल एनफील्ड बाइक पर सवार होकर छह नवंबर की शाम करीब 6:20 बजे बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जब वे रास्ते में थे, तभी गांव की ही रहने वाली रीता देवी ने उन पर अचानक ईंट से हमला कर दिया। आरोपी महिला द्वारा फेकी गई पहली ईंट युवक को नहीं लगी, लेकिन दूसरी ईंट सीधे बाइक की पेट्रोल टंकी पर जा लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

डायल 112 पुलिस को दी गई सूचना
घटना के तुरंत बाद पीड़ित युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए डायल 112 की गश्ती पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। पीड़ित बबलू प्रसाद यादव ने पुलिस को दिए गए आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि इससे पहले भी 22 अप्रैल 2022 को उक्त महिला ने उन पर बांस से हमला किया था। उस पुरानी घटना की जानकारी भी समय पर पुलिस को दी गई थी।
पुराने विवाद को लेकर पुलिस जांच जारी
पीड़ित ने पुराने विवाद का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। दरौंदा थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पूरे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।







