Supaul SSB: बिहार के सुपौल जिले में एसएसबी के रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। आंसू गैस प्रशिक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले सिपाही अभिषेक यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिससे प्रशिक्षण केंद्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
ट्रेनिंग के बीच अचानक क्या हुआ?
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को एसएसबी के रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर में सिपाहियों को आंसू गैस से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा था। इसी दौरान 25 वर्षीय सिपाही अभिषेक यादव अचानक जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। प्रशिक्षण केंद्र के कर्मियों ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए निर्मली अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।

आगरा के रहने वाले थे सिपाही अभिषेक यादव
अभिषेक यादव सिपाही के पद पर कार्यरत थे और सुपौल के आरटीसी में प्रशिक्षण ले रहे थे। मृतक अभिषेक उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के मालपुरा थाना क्षेत्र के भमरौली अहीर गांव के रहने वाले प्रमोद यादव के पुत्र थे। इस घटना की जानकारी मिलते ही प्रशिक्षण केंद्र में अफरातफरी का माहौल बन गया और अधिकारियों को सूचित किया गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
निर्मली अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सक ने जांच के बाद अभिषेक यादव को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। देर रात सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
इस घटना के बाद से एसएसबी के रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर में सन्नाटा पसरा हुआ है। सिपाही अभिषेक यादव के निधन की खबर उनके परिवार तक पहुंचाई गई है, जिससे वहां भी मातम छा गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।







