बेगूसराय। चंबल से संसद भवन तक का सफर तय करने वाली फूलन देवी की प्रतिमा स्थापना पर चल रहे चर्चाओं के बीच बिहार के बेगूसराय में गंगा नदी के किनारे रविवार को स्वर्गीय फूलन देवी की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया गया है।
मामला पावन गंगा तट सिमरिया धाम का है। जहां कि सरकार के मंत्री मुकेश सहनी के निर्देश पर वीआईपी पार्टी एवं निषाद विकास संघ बेगूसराय द्वारा रविवार को फूलन देवी की प्रतिमा स्थापित किया गया है।
वीआईपी के जिलाध्यक्ष जयजय राम सहनी एवं निषाद विकास संघ के जिलाध्यक्ष रंजीत निषाद ने बताया कि बिहार के मत्स्य पशुपालन मंत्री मुकेश सहनी के निर्देशानुसार बेगूसराय जिले के पावन सिमरिया में काशीबाबा मंदिर गंगा घाट पर वीरांगना फूलन देवी का 18 फीट की प्रतिमा का अनावरण किया गया है।
यह हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत साबित होगी। धर्म, अध्याय और मोक्ष स्थली सिमरिया में वीरांगना फूलन देवी की प्रतिमा आने वाले लोगों की एक नई प्रेरणा देगी। लोग उनके गांव से संसद तक के सफर के दौरान किए गए साहसिक कार्य को जानेंगे।
मौके पर लोगों ने प्रतिमा स्थापित करने के बाद फूलन देवी को नमन किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष बाबू खान, आईटी सेल जिलाध्यक्ष जावेद खान, महिला सेल जिलाध्यक्ष सुनीता देवी, जिला पार्षद आजाद सहनी एवं जिला प्रभारी सुनील सहनी समेत अन्य ने फूलन देवी के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।