Gwalior Accident: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। देवी दर्शन के लिए शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इस भयावह दुर्घटना में 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जिनमें से 5 से 6 की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
अनियंत्रित ट्रक ने बैरिकेड तोड़कर भक्तों को रौंदा
शनिवार रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड की ढलान के पास यह हादसा हुआ। नवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान धान से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया। एसएसपी धर्मवीर सिंह के मुताबिक, भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए थे, लेकिन ट्रक चालक ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ा और वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रक सीधे मंदिर के प्रवेश द्वार और बाहरी दीवार से जा टकराया, जिसकी चपेट में कई श्रद्धालु आ गए।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया, ‘बैरिकेड तोड़कर आगे निकले ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और मंदिर के पास श्रद्धालुओं को कुचलता चला गया। दुर्घटना के बाद 40 से अधिक लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 14 की मौत हो चुकी है। हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं।’
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी, कई की हालत नाजुक
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। ग्वालियर की जिला कलेक्टर रुचिका चौहान ने जानकारी दी कि रात करीब 1:30 बजे दुर्घटना की खबर मिली, जिसके तुरंत बाद एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद ट्रामा सेंटर पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना और स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 5 से 6 लोगों की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। कुछ घायलों को फ्रैक्चर सहित अन्य गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
नवरात्रि के दौरान उमड़ी थी भीड़
यह घटना उस समय हुई जब नवरात्रि के पावन पर्व पर शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही थी। इस दुखद हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।







