- Advertisement -
नई दिल्ली, देशज टाइम्स। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन का दूसरा ट्रायल गुरुवार को सफल रहा। दिल्ली से कानपुर के बीच का सफर गाड़ी ने 130 किमी. की रफ्तार से चार घंटे में तय किया। इस बार पूर्व की अपेक्षा गाड़ी में यात्रियों के लिए अधिक सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी।पहले ट्रायल के बाद बीते दिनों ‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस ट्रेन में खराब खाने को लेकर हंगामा हुआ था जिसको रेलवे मंत्रालय ने गंभीरता से लिया। गाड़ी के हर कोच में डीप फ्रीजर और माइक्रोवेव ओवन लगवा दिये गये हैं ताकि यात्रियों को गर्म खाना और ठंडा पानी मिल सके। इसके साथ ही हर सीट पर माइक लगाया गया है जिस पर बोलने से कोच अटेन्डेन्ट, टिकट कलेक्टर, गार्ड और ड्राइवर सभी को सूचना पहुंचेगी। 

‘वन्दे भारत’ एक्सप्रेस के सभी कोच में मेडिकल फर्स्ट एड की सुविधा के साथ ही टीवी स्क्रीन, वाई-फाई का भी आनन्द गाड़ी में सफर करने वाले यात्रियों को मिलेगा। देश की सबसे हाईस्पीड ट्रेन गुरुवार को नई दिल्ली स्टेशन से सुबह छह बजे रवाना हुई। गाड़ी निर्धारित समय चार घंटे का सफर तय कर अलीगढ़ होते हुए कानपुर के सेन्ट्रल स्टेशन पर 10.02 बजे पहुंची। नई दिल्ली स्टेशन से गाड़ी छह बजे चलकर कानपुर पहुंचने के निर्धारित समय 10ः20 बजे से 18 मिनट पूर्व सेन्ट्रल स्टेशन पहुंची जिसको लेकर रेलवे अफसरों में खुशी है। यहां सेन्ट्रल स्टेशन से गाड़ी को 12 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया जहां शाम 4.30 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचने का समय निर्धारित है। कानपुर सेन्ट्रल स्टेशन पहुंचने पर वंदे भारत’ के साथ सेल्फी लेने की होड़ मच गई। स्टेशन पर जैसे ही गाड़ी रुकी, वैसे ही वहां आए कई यात्री गाड़ी के सामने खड़े हो गए और मोबाइल से गाड़ी के साथ सेल्फी लेने लगे। हालांकि इसको लेकर वहां अव्यवस्था की स्थिति बनती देख रेल अफसरों ने उन्हें मना किया, लेकिन गाड़ी को लेकर उनके क्रेज को देखते हुए उन्हें सेल्फी लेने की इजाजत दे दी गई। 

- Advertisement -








You must be logged in to post a comment.