Bhagalpur Drowning: भागलपुर जिले में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ कटरिया नदी में स्नान के दौरान दो सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा घोघा थाना क्षेत्र के आमापुर गांव में शनिवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। इस घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है।
मृतक बच्चियों की पहचान अनिल मंडल की 12 वर्षीय बेटी प्रिया कुमारी और चार वर्षीय बेटी पूजा कुमारी के रूप में हुई है। उनकी मां संजू देवी भी उनके साथ नदी में स्नान कर रही थीं, लेकिन वह किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहीं। हालांकि, दोनों मासूम बेटियां नदी की तेज धारा में समा गईं।






मां की आंखों के सामने नदी में समा गईं बेटियां
घटना के समय संजू देवी अपनी दोनों बेटियों के साथ कटरिया नदी में नहाने गई थीं। अचानक तीनों गहरे पानी में जाने लगीं और डूबने का खतरा मंडराने लगा। संजू देवी ने हिम्मत कर तैरकर बाहर निकलने का प्रयास किया और सफल भी रहीं, लेकिन उनकी बेटियां प्रिया और पूजा नदी की तेज धारा में बह गईं। मां के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने बताया कि संजू देवी ने अपनी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन बेटियों को नहीं बचा पाईं। उनकी आंखों के सामने ही दोनों बच्चियां नदी में समा गईं, यह दृश्य किसी को भी झकझोर देगा।
एक घंटे की मशक्कत के बाद मिले शव
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों के शव नदी से बरामद किए। शव मिलते ही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए घोघा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस दुखद घटना से आमापुर गांव में गहरा शोक व्याप्त है। दो मासूम जिंदगियों के यूं अचानक चले जाने से हर कोई स्तब्ध है और पूरे इलाके में गम का माहौल छाया हुआ है।








