Khan Sir Dance: नीट परीक्षा में सफल हुए छात्रों की खुशी में शामिल होकर खान सर ने एक अलग ही अंदाज में जश्न मनाया। आंखों पर काला चश्मा लगाए और हाथों में फूलों की माला नचाते हुए वह ‘पार्टी तो बनती है…’ गाने पर जमकर झूमे। बिहार के प्रसिद्ध शिक्षक खान सर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह सफल छात्रों को गोद में उठाकर डांस करते दिख रहे हैं। उनके इस नए अवतार ने सबको चौंका दिया है।
NEET के सफल छात्रों संग खान सर का जश्न
यह वायरल वीडियो केजीएस नीट ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए साझा किया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, ‘खान सर ऑन द डांस फ्लोर विथ RE-NEET 2026 चैंपियनशिप। सेलेक्शन की खुशी, अब हर बीट पर दिख रही है। जब सपने सच होते हैं, तो सेलिब्रेशन भी दिल से होता।’ जानकारी के अनुसार, यह जश्न नीट 2026 के परिणाम के बाद आयोजित किया गया था, जिसमें खान ग्लोबल स्टडीज के कई छात्रों ने सफलता हासिल की है। इस मौके पर सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और उन्हें मेडल पहनाकर बधाई दी गई। शिक्षकों और छात्रों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और खुशी का इजहार किया।






फायरिंग मामले पर खान सर ने तोड़ी चुप्पी
जहां एक ओर खान सर छात्रों की सफलता का जश्न मना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हाल ही में उन्हें एक फायरिंग मामले में अग्रिम जमानत मिली थी। जमानत मिलने के बाद उन्होंने पहली बार इस मामले पर खुलकर अपनी बात रखी है। एक पॉडकास्ट में खान सर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में बेवजह घसीटा जा रहा है।

पॉडकास्ट के दौरान उनसे रौशन आनंद के आरोपों के बारे में पूछा गया। रौशन आनंद ने कहा था कि 2 जून की घटना के बाद खान सर के बयान की वजह से प्रिंस यादव नेपाल गया था, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। इस आरोप पर खान सर ने अपनी सफाई पेश करते हुए कहा:
क्या हमने उसे नेपाल भेजा था? क्या हमने कहा था कि किसी का अपहरण करो, कमर में पिस्टल लेकर घूमो या रंगदारी मांगो? हमने ऐसा कुछ नहीं कहा।
खान सर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी को भी गलत काम करने के लिए उकसाया नहीं था। उनका कहना है कि वे छात्रों को सही राह दिखाते हैं और किसी भी आपराधिक गतिविधि से उनका कोई संबंध नहीं है। उनके इस बयान के बाद फायरिंग मामले को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगने की उम्मीद है।









