Bihar Dacoity: बिहार में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के बूढ़नउद्दीन चक से सामने आई है, जहां शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे हथियारबंद डकैतों ने एक घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। इस दौरान बदमाशों ने लाखों रुपए की डकैती की घटना को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही बाढ़ थाना के थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
सुबह पूजा करने गए थे गृहस्वामी, तभी खुला स्टोर रूम का राज
पीड़ित गृहस्वामी जयचंद्र चौधरी ने बताया कि वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे पूजा करने के लिए छत पर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर स्टोर रूम के दरवाजे पर पड़ी। उन्होंने देखा कि रात में छिटकनी लगाने के बावजूद दरवाजा खुला हुआ था। उन्हें कुछ संदेह हुआ और जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला, अंदर पहले से छिपे चार से पांच हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया।






शोर मचाने की कोशिश करने पर बदमाशों ने हथियार के बल पर उन्हें बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद सभी बदमाश नीचे पहुंचे और उनकी पत्नी, बेटे और बेटी को भी हथियार के बल पर बंधक बना लिया।
हथियार के बल पर बंधक बनाया, 15 से 20 लाख के जेवर-नकद लूटे
पूरे परिवार को अपने कब्जे में लेने के बाद डकैतों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान की लूटपाट की। पीड़ित परिवार के अनुसार, डकैत करीब 15 से 20 लाख रुपए मूल्य के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इस वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस कर रही गहन जांच, इलाके में दहशत का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। सुबह के समय हुई इस डकैती की घटना से इलाके में भारी दहशत का माहौल है। फिलहाल, पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है। स्थानीय लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित दिख रहे हैं।









