Bihar Electricity Theft: बिहार में बिजली चोरी के खिलाफ उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) ने सख्त रुख अपनाया है। दरभंगा जिले के जाले प्रखंड में बिजली विभाग ने एक उपभोक्ता पर मीटर बाइपास कर सीधे विद्युत ऊर्जा का उपयोग करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस कार्रवाई में उपभोक्ता पर 7,842.70 रुपये का राजस्व नुकसान का आकलन किया गया है।
बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) कुमार गौरव ने जाले थाने में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। यह मामला दरभंगा के राढ़ी गांव का है, जहां NBPDCL की टीम ने छापेमारी के दौरान बिजली चोरी पकड़ी।






मीटर बाइपास कर चल रहा था बिजली का खेल
विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल दरभंगा के कार्यपालक अभियंता के निर्देश पर एक विशेष टीम ने राढ़ी गांव में औचक छापेमारी की। जांच के दौरान टीम ने पाया कि उपभोक्ता राजू चौधरी, जो भोगेन्द चौधरी के पुत्र हैं, अपने परिसर में लगे मीटर को बाइपास कर सीधे बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे। मौके पर ही बाइपास तार को हटाया गया और मीटर को फिर से सुचारु किया गया।
हजारों रुपये का लगा आर्थिक दंड
छापेमारी के दौरान टीम ने राजू चौधरी के परिसर में 216 वाट का विद्युत भार दर्ज किया। विभाग ने आकलन किया कि इस बिजली चोरी से कुल 7,842.70 रुपये का राजस्व नुकसान हुआ है। इस राशि में 6,607 रुपये का पूर्व बकाया, 6,560.70 रुपये की कथित क्षति राशि और अन्य प्रभार शामिल हैं।
“मामले में संबंधित उपभोक्ता के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।”
— जेई कुमार गौरव, विद्युत आपूर्ति प्रशाखा, जाले
विभाग ने स्पष्ट कहा है कि बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी दल में जाले प्रशाखा के कनीय कर्मी सुरेंद्र कुमार और देव कुमार साह सहित अन्य सदस्य शामिल थे, जिन्होंने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
बिजली चोरी रोकने को विभाग सख्त
NBPDCL लगातार बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चला रही है। इस तरह की कार्रवाई से उन उपभोक्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है, जो अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। विभाग का लक्ष्य है कि सभी उपभोक्ताओं तक सही तरीके से बिजली पहुंचे और राजस्व का नुकसान रोका जा सके। इस मामले में पुलिस अब विद्युत अधिनियम की धाराओं के तहत आगे की जांच और कार्रवाई करेगी।








