Darbhanga Road Accident: गुरुवार को बेनीपुर अनुमंडल के बहेड़ा-बहेड़ी मुख्य मार्ग पर जरिसों चौक के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां बाइक और टेम्पो की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं जो गंगा स्नान कर अपने घर लौट रही थीं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर कर दिया गया है।







हादसे में कौन-कौन हुए घायल?
इस भीषण टक्कर में मधुबनी जिला के मधेपुरा थाना क्षेत्र के चनौरागंज निवासी संतोष महतो की 40 वर्षीय पत्नी फुलदाय देवी और सत्यदेव महतो की 60 वर्षीय पत्नी भोली देवी घायल हो गईं। इनके साथ ही पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी बाइक सवार मोहम्मद तारीफ भी जख्मी हुए हैं। स्थानीय लोगों और बहेड़ा पुलिस की मदद से तीनों घायलों को आनन-फानन में एक निजी वाहन से बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल फुलदाय देवी ने बताया, ‘हमलोग टेम्पो पर सवार होकर सिमरिया धाम से गंगा स्नान कर अपने घर मधुबनी जिला के मधेपुरा थाना क्षेत्र के चनौरागंज वापस जा रहे थे। इसी बीच जरिसौ चौक के निकट बाइक और टेम्पो की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे हम दो महिलाएं घायल हो गए तथा बाइक सवार भी जख्मी हो गया।’ उन्होंने यह भी बताया कि गांव की ही दस महिलाएं एक टेम्पो में सवार होकर सिमरिया धाम से गंगा स्नान कर लौट रही थीं।
पुलिस ने जब्त किए वाहन, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों से पूछताछ की। पुलिस ने टक्कर में शामिल बाइक और टेम्पो दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है। बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बाइक सवार मोहम्मद तारीफ फेरी का काम करता है और वह बहेड़ी बाजार में डेरा लेकर रहता है। वह बहेड़ी की तरफ जा रहा था, जबकि टेम्पो बहेड़ा की दिशा से आ रहा था। जरिसों गांव के पास दोनों वाहनों में टक्कर हो गई, जिसमें लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
गंगा स्नान के बाद घर लौटते समय हुआ हादसा
यह घटना उस समय हुई जब फुलदाय देवी और भोली देवी सहित दस महिलाएं पवित्र सिमरिया धाम में गंगा स्नान कर अपने गांव चनौरागंज लौट रही थीं। रास्ते में हुए इस हादसे ने उनकी खुशी को मातम में बदल दिया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और डीएमसीएच में उनका इलाज जारी है।








You must be logged in to post a comment.