Bankipur By-Election: बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। सोमवार सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी, जिसके बाद यह तय हो जाएगा कि बांकीपुर का नया विधायक कौन होगा। इस उपचुनाव में कुल 25 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें प्रमुख दलों के साथ-साथ जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी भी शामिल हैं।
मतगणना के लिए पटना के एएन कॉलेज स्थित केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें केंद्रीय सुरक्षा बल, एसटीएफ और जिला पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। सहायक निर्वाचन पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि ईवीएम जमा होने के दिन से ही यहां सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई थी और 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।






बांकीपुर में 31 राउंड की गिनती, इन दिग्गजों पर सबकी नजर
बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतगणना कुल 31 राउंड में पूरी होगी। इसके लिए 16 टेबल बनाए गए हैं और प्रत्येक टेबल पर तीन मतगणना कर्मी मौजूद रहेंगे। सबसे पहले डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलेट) की गिनती की जाएगी। 30 जुलाई गुरुवार को हुए मतदान में कुल 34.31 प्रतिशत वोट पड़े थे, जिसके बाद से सभी को नतीजों का बेसब्री से इंतजार है।
इस चुनाव में कई प्रमुख उम्मीदवारों का भाग्य दांव पर है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से नीरज कुमार सिन्हा मैदान में हैं। वहीं, जन सुराज पार्टी के टिकट पर प्रशांत किशोर अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने रेखा गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है। इन तीनों प्रमुख प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है, और सबकी निगाहें इनके प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं।
मतगणना केंद्र में प्रवेश के लिए सख्त नियम
डीएम कुंदन कुमार और एसएसपी ने रविवार को एएन कॉलेज परीक्षा भवन में हुई संयुक्त ब्रीफिंग में बताया कि मतगणना केंद्र में केवल उन्हीं व्यक्तियों को प्रवेश मिलेगा, जिनके लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पास जारी किया गया है। सभी कर्मियों, पदाधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों को अपने साथ पास लाना अनिवार्य होगा। एक पास सिर्फ एक व्यक्ति के लिए मान्य होगा।
मतगणना केंद्र के अंदर मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों को एएन कॉलेज के गेट संख्या 1 से प्रवेश मिलेगा, जबकि मतगणना कर्मी और मीडिया प्रतिनिधि गेट संख्या 2 से प्रवेश कर सकेंगे। यह सुनिश्चित किया गया है कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।








