Darbhanga Crime News: प्रभास रंजन दरभंगा। बिहार के दरभंगा में एक मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। लहेरियासराय थाना क्षेत्र के खाजासराय मोहल्ले में हुई चाकूबाजी की घटना में एक 25 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और शेष फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
यह घटना शनिवार देर शाम खाजासराय मोहल्ले में हुई। इलाज के दौरान एक घायल दीपू सहनी की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायल, जिनमें दीपू का भाई दिलीप सहनी और बीच-बचाव करने आए अनिल कुमार मंडल शामिल हैं, का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
कैसे शुरू हुआ खूनी विवाद?
परिजनों के अनुसार, शनिवार की देर शाम पड़ोस के रहने वाले एक नाबालिक युवक, उसके भाई रोहित कुमार, कृष्ण कुमार, दिलीप साह और दीपू सहनी (आरोपी) दिलीप सहनी (पीड़ित) के दरवाजे के पास गाली-गलौज कर रहे थे। मना करने पर बात इतनी बढ़ गई कि दोनों परिवारों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान नाबालिक युवक ने ‘डाइगर’ (चाकू) से दीपू सहनी और दिलीप सहनी पर वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। जब मोहल्ले के रहने वाले अनिल कुमार मंडल बीच-बचाव करने आए, तो उन्हें भी डाइगर लग गया और वे घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से डीएमसीएच पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान स्वर्गीय दिनेश सहनी के 25 वर्षीय पुत्र दीपू सहनी ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि धारदार हथियार के अलावा रोटी बनाने वाली तवा से भी वार किया गया था, जिससे मृतक के सिर में गंभीर चोट आई थी। मृतक दीपू सहनी, दिलीप सहनी और एक अन्य भाई कबाड़ी खरीदने का कारोबार करते हैं।
पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: 6 आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही लहेरियासराय प्रभारी थानाध्यक्ष शंभू प्रसाद सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर बाद एसएसपी जगुनाथ रड्डी जलारड्डी भी खाजासराय पहुंचे और मामले की तहकीकात की। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मारपीट में शामिल नाबालिक युवक, रोहित कुमार, कृष्ण कुमार, दिलीप साह, दिलीप साह की पत्नी रेणु देवी और राजा शाह की पत्नी खुश्बू देवी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में घटना में शामिल होने की बात स्वीकार करने के बाद इन सभी 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रभारी एसडीपीओ 1 एसके सुमन ने बताया कि ‘विवाद करने वाले दोनों पक्ष के लोग मोहल्ले में एक ही जगह रहते हैं। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।’
घायल भाई दिलीप सहनी के फर्द बयान पर लहेरियासराय थाना में कांड संख्या 502/26 दर्ज किया गया है। एफआईआर में कुल 11 लोगों को नामजद किया गया है, जिनमें रोहित साह, कृष्णा साह, दिलीप साह, रेणु देवी, खु्श्बू देवी, सोनी देवी, बॉबी देवी, कन्हैया साह, राजा साह, सूरज साह और नाबालिक युवक शामिल हैं।
खाजासराय में तनाव और आगे की कार्रवाई
प्रभारी एसडीपीओ 1 एसके सुमन ने बताया कि एफआईआर में नामजद किए गए 5 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है। जिस डाइगर से वार किया गया था, उसे नाली में फेंक दिया गया था, जिसे दरोगा पीयूष कुमार ने एक व्यक्ति की मदद से निकलवाकर जब्त कर लिया है।
घटनास्थल पर एसएसपी ने डीएमसीएच पहुंचकर घायल व्यक्ति से भी जानकारी ली। आक्रोशित लोगों के संभावित हमले से बचाने के लिए घर में मौजूद अन्य परिजनों को भी सुरक्षा की दृष्टि से थाना लाकर रखा गया है। पूरे मोहल्ले को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और मृतक के घर में ताला बंद कर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस की देखरेख में दीपू सहनी का शव दाह संस्कार कर दिया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।







You must be logged in to post a comment.