Bihar Job Fair: बिहार में रोजगार के मोर्चे पर एक बड़ी सफलता मिली है। पटना में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2026 में 20,226 युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वयं चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए, जो राज्य सरकार की युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह आयोजन 23 अगस्त 2026 को हुआ, जिसमें 115 से अधिक नियोजकों ने हिस्सा लिया।
सीएम सम्राट चौधरी ने ज्ञान भवन, पटना में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2026 के अंतर्गत चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण एवं समापन समारोह को संबोधित किया। मेगा जॉब फेयर के माध्यम से 20 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। हमारा लक्ष्य है कि अगले पाँच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी एवं रोजगार से जोड़ा जाए। अगले वर्ष से बिहार के प्रत्येक जिले में नियोजन मेले आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को उनके क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।
रोजगार मेला: कितने युवाओं को कहां मिली नौकरी?
इस मेगा जॉब फेयर में कुल 20,226 युवाओं को नौकरी मिली। इनमें से 3,940 युवाओं को बिहार में ही रोजगार प्राप्त हुआ, जबकि 476 युवाओं का चयन विदेश में नौकरी के लिए किया गया है। विशेष रूप से, 36 दिव्यांगजनों को भी इस मेले के माध्यम से रोजगार के अवसर मिले, जो समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस और रिटेल सेक्टर सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने इस मेले में युवाओं का चयन किया।
कौशल विकास और भविष्य की योजनाएं
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अगले वर्ष से बिहार के हर जिले में नियोजन मेले आयोजित किए जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे शहरों में जाने से पहले अपने जिले और आसपास के क्षेत्रों में ही अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार रोजगार के साथ-साथ कौशल विकास पर भी विशेष जोर दे रही है। बिहार कौशल विकास मिशन के तहत अब तक 25 लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, वहीं कुशल युवा कार्यक्रम के माध्यम से 12 लाख युवाओं को प्रमाण-पत्र मिल चुके हैं। सरकार का दावा है कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से युवाओं को बदलते रोजगार बाजार के लिए तैयार किया जा रहा है।
राज्य सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार से जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। इसके लिए उद्योग, बुनियादी ढांचे और रोजगार के नए अवसर बढ़ाने पर लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से युवाओं का दूसरे राज्यों में पलायन कम होगा।
प्रजापति समाज के लिए निशांत ने उठाई माटी कला बोर्ड की मांग… बोले- नीतीश कुमार अतिपिछड़ा के उत्थान की बात करते हैं।
सीएम का युवाओं को संदेश और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर
मेगा जॉब फेयर के दौरान रोजगार से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी हुए। भोजपुर में मानसिक रोग से स्वस्थ हुए लोगों के पुनर्वास के लिए प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। इसके अतिरिक्त, दिव्यांगजनों और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के कौशल विकास तथा आजीविका संवर्धन के लिए भी प्रशिक्षण केंद्रों की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने विश्व कौशल प्रतियोगिता-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले बिहार के इंडिया स्किल विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा अब राष्ट्रीय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर स्थापित करने का आग्रह किए जाने की जानकारी भी दी। सरकार के अनुसार, इससे बिहार को देश और विदेश के कारोबार से जोड़ने में मदद मिलेगी और राज्य में रोजगार तथा कारोबारी गतिविधियों के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से लगातार सीखते रहने और अपने कौशल को बेहतर बनाने की अपील की, ताकि वे केवल नौकरी पाने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले भी बन सकें।








You must be logged in to post a comment.