Bhagalpur Crime News: बिहार के भागलपुर जिले में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस को मिली गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया है। इस गिरफ्तारी से इलाके में होने वाली एक गंभीर वारदात टल गई है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
पुलिस के मुताबिक, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले भर में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत, 4 सितंबर को सुल्तानगंज थाना पुलिस को कोलगामा स्थित शिव मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति की सूचना मिली थी। बताया गया कि वह व्यक्ति किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के इरादे से अवैध हथियार के साथ घूम रहा था।

सूचना मिलते ही, सुल्तानगंज थाना पुलिस ने सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। इस टीम ने सशस्त्र बल के साथ कोलगामा शिव मंदिर के पास छापेमारी की। मौके से ऋषिकेश कुमार नामक युवक को धर दबोचा गया।
गिरफ्तार युवक की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके पास से एक देसी पिस्टल मिली, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। सिटी एसपी ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके मंसूबों और उसके संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी मिल सके। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।







