Bihar Fire News: दिवाली की रात सारण जिले के परसा में एक बाइक गैरेज में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। यह घटना शंकरडीह गांव में हुई, जहां आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। गनीमत यह रही कि दमकल की टीम और स्थानीय ग्रामीणों के त्वरित प्रयास से आग को आसपास के रिहायशी इलाकों और दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दीपोत्सव की खुशियां मनाते हुए अचानक देर रात बाइक गैरेज से आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग इतनी भयानक हो गई कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गैरेज से उठती ऊंची लपटों को देख बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की। घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका, लेकिन तब तक गैरेज में रखे लाखों रुपये के बाइक स्पेयर पार्ट्स और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।
लाखों का नुकसान, कारण अज्ञात
इस अगलगी की घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के घरों और दुकानों तक आग फैलने से बच गई। यदि आग और फैलती तो नुकसान का आंकड़ा कहीं अधिक हो सकता था। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।







