Prashant Kishor Bihar: जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर ने बिहार की राजनीति में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के भविष्य को लेकर गंभीर आशंकाएं जताई हैं। प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने के बाद जेडीयू का अस्तित्व संकट में पड़ जाएगा और पार्टी कई हिस्सों में बंट सकती है।

मीडिया से बातचीत के दौरान प्रशांत किशोर ने स्पष्ट कहा कि आने वाले समय में जेडीयू के नेता अलग-अलग राजनीतिक दलों का रुख करेंगे। उनके मुताबिक, कुछ नेता भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो सकते हैं, कुछ जन सुराज पार्टी से जुड़ेंगे, जबकि अन्य नेता दूसरे दलों में अपनी जगह तलाशेंगे।
नीतीश कुमार के बिना जेडीयू का भविष्य नहीं!
प्रशांत किशोर ने जोर देकर कहा कि जेडीयू की असली ताकत हमेशा से नीतीश कुमार रहे हैं। पार्टी को जो भी समर्थन मिला है, वह उनके काम और राजनीतिक प्रभाव के कारण ही संभव हो पाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अब जब नीतीश कुमार सक्रिय राजनीति से अलग हो गए हैं, तो पार्टी के सामने नेतृत्व और भविष्य की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है।
‘जेडीयू की अपनी कोई मजबूत राजनीतिक पहचान और ठोस नीति नहीं है। पार्टी लंबे समय तक नीतीश कुमार के नेतृत्व के सहारे आगे बढ़ती रही। चुनाव से पहले भी जन सुराज का मानना था कि जेडीयू का राजनीतिक भविष्य बहुत लंबा नहीं है। फिलहाल पार्टी सत्ता में होने के कारण चल रही है, लेकिन आने वाले समय में इसके भीतर टूट की स्थिति बन सकती है।’
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि नीतीश कुमार की राजनीतिक ताकत के बिना जेडीयू का भविष्य ज्यादा दूर तक दिखाई नहीं देता।
बीजेपी नेतृत्व की ‘नासमझी’ पर भी सवाल
निर्दलीय विधान परिषद सदस्य बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के बीजेपी में शामिल होने के मामले पर भी प्रशांत किशोर ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण ने बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व की ‘नासमझी और अपरिपक्वता’ को उजागर किया है। प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का दावा करने वाली बीजेपी को यह सामान्य जानकारी क्यों नहीं थी कि निर्दलीय जीतकर आए विधान परिषद सदस्य किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो सकते।
उन्होंने इसे ‘सामान्य राजनीतिक और कानूनी जानकारी’ का अभाव बताया, जिसके बावजूद ऐसा कदम उठाया गया। प्रशांत किशोर ने कहा कि इस मामले में विधान परिषद के सभापति या न्यायपालिका के स्तर पर जो कार्रवाई होनी है, वह अपनी जगह होगी, लेकिन इस घटनाक्रम ने बीजेपी के प्रदेश नेतृत्व की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नेतृत्व को लगता है कि वह सही या गलत कोई भी कदम उठाकर उससे बच सकता है, जिसका खामियाजा दोनों निर्दलीय एमएलसी को भुगतना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तंज
प्रशांत किशोर ने बिहार में अपराध की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि राज्य में अपराध की घटनाएं लगातार हो रही हैं, इसके बावजूद मुख्यमंत्री की ओर से अपराध खत्म होने की बात कही जा रही है।
‘अगर मुख्यमंत्री के हिसाब से बिहार में अपराध खत्म हो गया है और केवल क्राइम बाकी है, तो इसी तर्क से बेरोजगारी भी खत्म हो गई है और केवल अनइम्प्लॉयमेंट बाकी है। गरीबी भी समाप्त हो गई है और सिर्फ पोवर्टी बची है।’
प्रशांत किशोर ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार की जनता ने मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी को चुना है, ऐसे में राज्य की मौजूदा स्थिति के लिए जनता की जिम्मेदारी भी बनती है। उन्होंने अपराध और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार के दावों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए, जो सीधे तौर पर जनता के जीवन को प्रभावित करते हैं।








