Seoni Fire: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में एक सर्राफा व्यापारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था, जिससे उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिल सका।

जानकारी के मुताबिक, यह दुखद घटना प्रतिष्ठित सर्राफा व्यापारी कुंदन लाल सोनी के मकान में हुई। सुबह करीब 4 बजे अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय मकान के अंदर लगभग 10 लोग मौजूद थे।
गहरी नींद में थे परिवार के सदस्य, नहीं मिला बचने का मौका
हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंची। बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए मकान में फंसे 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी और परिवार के सदस्य इतनी गहरी नींद में थे कि 6 लोगों को बचाया नहीं जा सका। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सिवनी आग हादसे में पूरे इलाके में शोक की लहर
इस भीषण अग्निकांड के बाद पूरे जैन मोहल्ले और छपारा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन यह एक बड़ी त्रासदी के रूप में सामने आया है।
यह घटना एक बार फिर सुरक्षा उपायों और रात के समय आगजनी से बचाव के लिए सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल देती है। प्रशासन द्वारा आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।







