Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के चैनपुर स्थित अकलिमा हाईस्कूल में शनिवार की अहले सुबह अचानक आग लग गई। इस भीषण अग्निकांड में स्कूल के ऑफिस के सारे कागजात और सभी क्लासरूम में रखे बेंच-डेस्क व अन्य उपस्कर जलकर राख हो गए हैं। घटना के बाद से स्थानीय विद्यार्थियों और प्रबंधन में भारी मायूसी और आक्रोश का माहौल है।

स्मैकिया गिरोह पर लग रही आग लगाने की आशंका
अकलिमा हाईस्कूल मनियारी और मुशहरी थाना के बॉर्डर इलाके पर स्थित है। स्कूल का मुख्य भवन मनियारी थाना क्षेत्र में पड़ता है, जबकि इसका खेल मैदान मुशहरी इलाके के अंतर्गत आता है। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि इस घटना के पीछे स्मैकिया गिरोह का हाथ हो सकता है।

बताया जाता है कि इस परिसर में अक्सर नशा करने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। नशा करने वाले लोग छिपकर खिड़की के रास्ते स्कूल के कमरों के भीतर घुस जाते हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि कमरे में सुतली या जलता हुआ बोरा छूट जाने के कारण आग सुलग उठी और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
लाखों रुपये के नुकसान की थाने में दर्ज कराई गई शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल के सेक्रेटरी मजहरुल हक ने तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। इस आगजनी की घटना में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है, जिसकी औपचारिक शिकायत मनियारी थाने में दर्ज करा दी गई है।
इस वित्त रहित हाईस्कूल से शिक्षा ग्रहण कर चुके सैकड़ों विद्यार्थी आज देश के कई राज्यों में विभिन्न नौकरियों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अकलिमा हाईस्कूल जैसे ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान में इस तरह की तबाही से क्षेत्र के लोगों में गहरा रोष है। मनियारी पुलिस फिलहाल मौके पर पहुंचकर तमाम बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।







