Sikrahana River bamboo bridge निर्माण से पश्चिम चंपारण के मझौलिया और सिकटा प्रखंड के दर्जनों गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिली है। छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की कठिनाइयों को देखते हुए चंदा गांव के ग्रामीणों ने कदमवा घाट पर आपसी सहयोग से बांस की चचरी पुल तैयार किया है। इसके जरिए अब व्रतियों और स्थानीय लोगों के लिए नदी पार कर घाट तक पहुंचना बेहद सुगम हो गया है।

कदमवा घाट पर ग्रामीणों की पहल
स्थानीय निवासियों जयंत ओझा, जावेद अख्तर, संजीत कुमार, रुपेश कुमार, जैनुल आबूदीन, शहजाद आलम, किशोर पटेल, अजीम अंसारी, टिकोरी बैठा और सफीक आलम ने बताया कि इस अस्थायी पुल के बनने से लोगों को नदी पार करने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार ठीक एक साल पहले भी इसी जगह पर बांस का चचरी पुल बनाया गया था जिसका उद्घाटन सिकटा विधायक ने किया था। हालांकि मानसून के दौरान सिकरहना नदी के तेज बहाव में वह पुल बह गया था।

स्थायी पुल निर्माण की उठी मांग
हर साल बरसात के मौसम में पुल बह जाने और अस्थायी निर्माण की मजबूरी से परेशान ग्रामीणों ने अब सरकार और प्रशासन से इस स्थान पर पक्का पुल बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि चंदा गांव के पास स्थायी पुल का निर्माण हो जाता है तो इलाके के हजारों लोगों को सालभर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी और उन्हें बार-बार श्रमदान कर पुल नहीं बनाना पड़ेगा।







