Patna Food Safety: राजधानी पटना में मोमो और चाइनीज फूड के शौकीनों के लिए एक बड़ी चेतावनी सामने आई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के कई नामी प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिसमें ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले कई गंभीर मामले उजागर हुए। मंगलवार को हुई इस कार्रवाई में 22 किलो सड़ा हुआ चिकन और 21 लीटर जला हुआ खाद्य तेल जब्त कर नष्ट किया गया, साथ ही कई दुकानों को बंद करने का आदेश भी दिया गया है।

Patna: मोमोज कैफे में मिला 10 किलो सड़ा चिकन, लाइसेंस निलंबित
पटना के कांटी फैक्ट्री रोड स्थित ‘द मोमोज कैफे’ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान 10 किलो सड़ा हुआ चिकन बरामद कर नष्ट कराया।
कैफे के किचन में गंदगी और साफ-सफाई की व्यवस्था खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कैफे का लाइसेंस निलंबित कर दिया।
सड़ा चिकन, गंदगी और लाइसेंस का उल्लंघन: ‘द मोमोज कैफे’ पर गिरी गाज
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सबसे पहले कांटी फैक्ट्री रोड स्थित ‘द मोमोज कैफे’ पर छापा मारा। यहां रसोई की हालत बेहद खराब मिली, जहां साफ-सफाई के निर्धारित मानकों का बिल्कुल भी पालन नहीं किया जा रहा था। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जब टीम को 22 किलो सड़ा हुआ चिकन मिला, जिसे तुरंत मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
अधिकारियों ने पाया कि शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक साथ रखे जा रहे थे, और तैयार नॉनवेज पर निर्माण की तारीख भी दर्ज नहीं थी। डीप फ्रीजर भी गंदा था और उसमें तापमान प्रदर्शित करने की कोई व्यवस्था नहीं थी। प्रतिष्ठान में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के शिड्यूल-4 के प्रावधानों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। इन अनियमितताओं के कारण कैफे को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की गई है।
‘वाउ मोमो’ में मिला जला तेल, ‘सिटी मोमो सेंटर’ बिना लाइसेंस चल रहा था
विभाग की टीम ने लोदीपुर के सिटी सेंटर मॉल की तीसरी मंजिल पर स्थित ‘वाउ मोमो एंड वाउ चाइना’ (वाउ मोमो फूड्स प्राइवेट लिमिटेड की इकाई) का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य तेल के इस्तेमाल में बड़ी लापरवाही सामने आई, जहां प्रतिष्ठान में जले हुए खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने मौके पर मौजूद 21 लीटर जला हुआ खाद्य तेल नष्ट कराया। इसके साथ ही, ‘इंडो चिली सॉस बेस’ का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया है। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं मिली, जिसके बाद प्रतिष्ठान को 14 दिनों के भीतर सुधार करने का नोटिस जारी किया गया है।
वहीं, पटना सिटी के मोगलपुरा स्थित ‘सिटी मोमो सेंटर’ बिना किसी वैध खाद्य अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के संचालित हो रहा था। यहां भी कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र नहीं थे और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य सामग्री एक साथ तैयार की जा रही थी, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है। विभाग ने प्रतिष्ठान को तत्काल मोमो का निर्माण और बिक्री बंद करने का निर्देश दिया है और सात दिनों के भीतर वैध लाइसेंस प्राप्त करने को कहा है।
Patna Food Safety: विभाग की चेतावनी, कार्रवाई जारी रहेगी
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस व्यापक कार्रवाई में गंदे किचन, सड़े चिकन, जले खाद्य तेल, खाद्य सामग्री के गलत भंडारण और बिना लाइसेंस कारोबार जैसे गंभीर मामले सामने आए हैं। विभाग ने साफ किया है कि खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई, सुरक्षित खाद्य सामग्री, उचित भंडारण और वैध अनुज्ञप्ति से जुड़े नियमों का हर हाल में पालन करना होगा। विभाग ने यह भी दोहराया है कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतिष्ठानों का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।






