Bagaha Accident: पश्चिमी चंपारण के बगहा में मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. बगहा-एक प्रखंड अंतर्गत छोटकी पट्टी-भैरोगंज मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार मारुति कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. यह भीषण Bagaha Accident इतना जबरदस्त था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर अनुमंडलीय अस्पताल तक अफरातफरी का माहौल बन गया. मृतकों की पहचान 20 वर्षीय धनेश कुमार, आलोक कुमार और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है. घायलों में अरविंद कुमार, अमीर कुमार और एक अन्य युवक शामिल हैं. सभी की उम्र 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है.
कैसे हुआ दर्दनाक बगहा हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, सभी छह युवक वाल्मीकिनगर पिकनिक मनाने गए थे. पिकनिक मनाकर वे अपने घर शिकारपुर थाना क्षेत्र के नवलपरासी लौट रहे थे. इसी दौरान खोड़ा परसा गांव के समीप अचानक सड़क पर एक बकरी आ गई. बकरी को बचाने के प्रयास में कार चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद तेज रफ्तार कार सीधे पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार सभी छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल में मची अफरातफरी, परिजनों का बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की 112 पुलिस टीम स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंची. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद धनेश कुमार, आलोक कुमार और कृष्णा कुमार को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल अरविंद कुमार, अमीर कुमार और अन्य युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.
नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया, “घटना की सूचना मिलते ही हम पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ अस्पताल पहुंचे. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.”
एक साथ तीन शव और तीन गंभीर घायलों के अस्पताल पहुंचने से वहां अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे. अपनों की मौत और घायलों की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.







