Darbhanga Crime: बिहार के दरभंगा में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. बेनीपुर के बहेड़ा थाना क्षेत्र स्थित हाबीभौआर गांव में देश की सेवा कर रहे एक जवान के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाया है. अज्ञात चोरों ने 13 नवंबर की रात बीएसएफ जवान (वर्तमान में सीआरपीएफ में कार्यरत) कुंदन कुमार के घर से लाखों रुपये के जेवरात और घरेलू सामान की चोरी कर ली. इस घटना की जानकारी 14 नवंबर को तब हुई, जब जवान अपने घर पहुंचे.

मामले को लेकर गृहस्वामी कुंदन कुमार ने बहेड़ा थाना में आवेदन दिया है. उन्होंने पुलिस से चोरी हुए सामान की बरामदगी और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है. चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया.
जवान के घर से क्या-क्या चुराया गया?
चोरों ने कुंदन कुमार के घर से कई कीमती सामानों पर हाथ साफ किया है. चोरी हुए सामानों में पीतल के बर्तन, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, कान के जेवर, चांदी के सिक्के, गैस चूल्हा, साड़ियां, कपड़े और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं. इतनी बड़ी चोरी से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.
परिवार दरभंगा में, जवान असम में तैनात
कुंदन कुमार ने बताया कि उनके बच्चे दरभंगा में पढ़ाई करते हैं, इसलिए परिवार वहीं रहता है. वह स्वयं सीआरपीएफ में असम के जोरहाट में अपनी ड्यूटी पर तैनात हैं. घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया. ड्यूटी से घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने शुरू की जांच, दर्ज होगी FIR
बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने इस चोरी की घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस जल्द ही अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी. पुलिस का कहना है कि चोरों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन फिलहाल चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.







