Lala Lajpat Rai: महान स्वतंत्रता सेनानी और ‘पंजाब का शेर’ के नाम से विख्यात Lala Lajpat Rai की शहादत को मंगलवार को दरभंगा में वकीलों ने नमन् किया। वकालतखाना भवन में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने भारत के इस अमर सपूत के बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता रमणजी चौधरी ने की, जहां सभी ने लाला लाजपत राय के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर अधिवक्ता अरुण कुमार चौधरी ने लाला लाजपत राय के जीवन और उनके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि किस तरह 1886 में पंजाब विश्वविद्यालय से प्लीडर की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद लाला लाजपत राय ने मुख्तारशीप का लाइसेंस लेकर रोहतक, हिसार और लाहौर में वकालत की। हालांकि, देश की गुलामी से व्यथित होकर उन्होंने अपना सर्वस्व स्वाधीनता संग्राम के लिए समर्पित कर दिया और वकालत छोड़ दी।
‘साइमन गो बैक’ का बुलंद नारा और अंग्रेजों को चुनौती
अरुण कुमार चौधरी ने याद दिलाया कि 1928 में लाला लाजपत राय ने साइमन कमीशन का पुरजोर विरोध किया था और ‘साइमन गो बैक’ का बुलंद नारा दिया। अंग्रेजों ने आंदोलन के दौरान उन पर निर्मम लाठीचार्ज किया, जिसके जवाब में लाला लाजपत राय ने एक ऐतिहासिक कथन कहा था।
‘उनके शरीर पर पड़े एक-एक लाठी अंग्रेजी हूकूमत की ताबूत में एक-एक कील साबित होगी।’
दुर्भाग्यवश, अंग्रेजों की इसी बर्बर पिटाई के कारण 17 नवंबर 1928 को इस अमर सेनानी का निधन हो गया। वकीलों ने इस मौके पर लाला लाजपत राय के बताए पदचिन्हों पर चलने और उनके त्याग व बलिदान से प्रेरणा लेने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में इन अधिवक्ताओं की रही उपस्थिति
शहादत दिवस के इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई अधिवक्ता और अधिवक्ता लिपिक मौजूद रहे। इनमें अधिवक्ता मनोज कुमार, विजय कुमार तिवारी, किरण कुमारी, ब्रजेश कुमार चौधरी, हिरानंद मिश्रा, कुमार उत्तम, पंकज कुमार सिंह, अरुण कुमार मिश्र, राहूल भारद्वाज शामिल थे। इसके अतिरिक्त, अधिवक्ता लिपिक विनय कुमार झा और मुरारी यादव ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इन सभी ने मिलकर लाला लाजपत राय को श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को सराहा।







