Darbhanga Crime: प्रभास रंजन दरभंगा।दरभंगा में छठ महापर्व के बाद चोरी की घटनाओं में वृद्धि देखने को मिल रही है। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर कोआही गांव में एक बंद घर से लगभग 22.5 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रमोद कुमार की पत्नी रेणु कुमारी ने बहादुरपुर थाना को दी गई सूचना में बताया कि छठ पर्व के लिए वे अपने पैतृक गांव बहेड़ी के नवटोलिया गांव गई थीं। उन्होंने अपने पड़ोसी नंदन कुमार पासवान को घर पर नज़र रखने के लिए कहा था। 16 नवंबर की सुबह नंदन पासवान ने फोन कर बताया कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। जब परिवार के सदस्य घर पहुँचे, तो उन्होंने देखा कि अंदर रखी अलमारी का ताला भी तोड़ दिया गया था और उसमें रखे सभी जेवरात तथा नकद राशि गायब थी।
चोरी में क्या-क्या हुआ गायब?
चोरों ने घर से 1 लाख 50 हजार रुपये नकद, 5 पीस सोने की कान की बाली, एक पेंडेंट, एक मांग टीका, दो घड़ी की चार पीस चकती, एक झुमका, दो भरी की एक चेन, चांदी का एक सेट बर्तन, एक सिक्का, गणेश लक्ष्मी की मूर्ति सहित कई अन्य सोने-चांदी के सामान चुरा लिए। इन सभी जेवरात की कुल अनुमानित कीमत 21 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इस तरह कुल मिलाकर 22 लाख 50 हजार रुपये से अधिक का सामान चोरी हुआ है।
पड़ोसी ने दी सूचना, पुलिस की कार्रवाई
थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया, ‘आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले को लेकर प्राथमिकी की प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जल्द ही चोरी की घटना में शामिल चोरों को पकड़ लिया जाएगा।’
घटना की सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से छठ पर्व के बाद घरों को सूना छोड़कर जाने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है।






