Benipur Crime: सतीश चंद्र झा दरभंगा। दरभंगा जिले के बेनीपुर में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां बहेड़ा थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में एक महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। जब उसके पति ने इस हैवानियत का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर टेंगारी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पति सुमन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

यह दिल दहला देने वाली वारदात आज सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुई। घायल सुमन चौधरी को तत्काल बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

टॉयलेट गई महिला को जबरन पकड़ा, पति ने बचाया तो हुआ हमला
पीड़ित सुमन चौधरी ने बहेड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने गांव के ही विरेंद्र चौधरी, सुरेंद्र चौधरी, पम्मी देवी, आयुष चौधरी और पियूष चौधरी को इस घटना का आरोपी बनाया है। आवेदन में सुमन चौधरी ने बताया कि सुबह उनकी पत्नी शौच के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान विरेंद्र चौधरी ने उन्हें जबरन पकड़ लिया और दुष्कर्म करने का प्रयास किया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिनकी मदद से वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर घर पहुंचीं। घर आकर उन्होंने अपने पति सुमन चौधरी को पूरी घटना बताई।
विरोध करने पर पति के सिर और हाथ पर गंभीर चोट
पत्नी से घटना की जानकारी मिलने के बाद सुमन चौधरी ने आरोपियों का विरोध किया। इसी बात पर तैश में आकर सभी आरोपितों ने मिलकर सुमन चौधरी के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने टेंगारी जैसे धारदार हथियार से सुमन चौधरी पर हमला कर दिया। इस हमले में सुमन चौधरी के माथे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए बेनीपुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने इस मामले पर जानकारी देते हुए कहा, ‘हमें घटना की सूचना मिली है। पीड़ित परिवार की तरफ से एक लिखित आवेदन भी प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।’
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







