Bihar ED Investigation: बिहार में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चना दाल घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अपनी जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में राजद एमएलसी और बिस्कोमान के पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह से लगभग आठ घंटे तक पूछताछ की गई। अधिकारियों ने उनसे करीब 30 सवाल पूछे। सुनील सिंह से पूछताछ के अगले ही दिन ईडी ने उनके परिवार पर शिकंजा कस दिया।

शुक्रवार को ईडी ने सुनील सिंह की पत्नी वंदना सिंह और बेटे यशस्वी सिंह को पटना स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में तलब किया। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि चना दाल की आपूर्ति के नाम पर सहकारी समितियों के खातों में जमा कराई गई रकम आखिर कहां गई।
सुनील सिंह और परिजनों के बयान का होगा मिलान
जांच अधिकारी गुरुवार को सुनील सिंह से पूछताछ में मिले जवाबों और शुक्रवार को उनकी पत्नी-बेटे के बयानों का मिलान कर रहे हैं। इस Bihar ED Investigation में खासतौर पर बैंक खातों में हुए लेन-देन और पैसों के मनी ट्रेल पर ईडी के अधिकारियों का पूरा फोकस है। आने वाले दिनों में इस जांच से और भी कई खुलासे होने की संभावना है।
क्या है चना-दाल घोटाला, कौन है शिकायतकर्ता?
इस पूरे मामले की शुरुआत पटना के गर्दनीबाग थाना इलाके की रहने वाली मेघा की शिकायत से हुई थी। ‘आशा एंटरप्राइजेज’ की प्रोपराइटर मेघा ने 1 जून 2025 को इस संबंध में एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, मेघा ने रियायती दर पर भारत चना दाल खरीदने के लिए जय माता दी कृषक सेवा स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की अध्यक्ष वंदना सिंह से संपर्क किया था।
आरोप है कि दाल की आपूर्ति के लिए समिति के बैंक खाते में 23.65 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन न तो दाल की डिलीवरी हुई और न ही रकम वापस की गई।
बेटे यशस्वी पर भी लगा आरोप, ऐसे हुई ED की एंट्री
इस Chana Dal Scam मामले में सुनील सिंह के बेटे यशस्वी सिंह का नाम भी सामने आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सारण फल सब्जी कृषक स्वावलंबी सेवा समिति लिमिटेड के अध्यक्ष यशस्वी सिंह ने भी भारत चना दाल की सप्लाई के नाम पर 3.71 लाख रुपये लिए, लेकिन सामान नहीं पहुंचाया। इस तरह दोनों समितियों के जरिए कुल 27.36 लाख रुपये की कथित ठगी का आरोप लगा है। गर्दनीबाग पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपों को सही पाया था। जांच अधिकारी की रिपोर्ट में धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य मिलने की बात कही गई थी। इसके आधार पर पटना पुलिस अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अब इसी एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर ईडी ने पीएमएलए (PMLA) के तहत मनी लॉन्ड्रिंग की जांच आगे बढ़ाई है। फिलहाल ईडी की पूछताछ का केंद्र सहकारी समितियों के बैंक खाते, लेन-देन और पैसों का पूरा नेटवर्क है।








