Bihar Food Safety: आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए बिहार में स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में 19 नवंबर 2026 को पटना के कई नामी खाद्य प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस दौरान भारी मात्रा में खराब और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट किया गया।


जांच टीम ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की। इस अभियान के तहत पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पी एंड एम मॉल का सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट, कदमकुआं की हाजी बेकरी और कृष्णापुरी का रोमियो लेन रेस्टोरेंट निशाने पर रहे।
सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट: किचन सील, 31 KG से ज्यादा खाना फेंका
पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित पी एंड एम मॉल के मेसर्स सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट में जांच के दौरान कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की अनुसूची-4 के तहत निर्धारित स्वच्छता मानकों का यहां खुलेआम उल्लंघन हो रहा था। रसोईघर में न तो पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था थी और न ही शाकाहारी व मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखा गया था; दोनों एक ही रेफ्रिजरेटर में पाए गए। इसके अलावा, रसोई की जल निकासी व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं थी।
मसालों और अन्य खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि या उपयोग की अंतिम अवधि भी अंकित नहीं थी, जिससे उनकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए। खाद्य संरक्षा इकाई ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 10 किलोग्राम अनियन ग्रेवी, 5 किलोग्राम जिंजर ग्रेवी, 4 किलोग्राम उबला चाउमीन, 2 पैकेट पाव ब्रेड और 12 पैकेट ब्राउनी नष्ट कराए। गुणवत्ता जांच के लिए मस्टर्ड सॉस और अरहर दाल के नमूने भी लिए गए। इन गंभीर स्वच्छता अनियमितताओं को देखते हुए, प्रतिष्ठान के रसोईघर को साफ-सफाई और सुधार के लिए दो दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया गया।
हाजी बेकरी में बिना लाइसेंस संचालन, 12 KG एक्सपायर्ड सेवई नष्ट
कदमकुआं के कोयरी टोला, दरियापुर स्थित हाजी बेकरी पर छापेमारी में एक बड़ा खुलासा हुआ। प्रतिष्ठान बिना किसी वैध लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र के संचालित हो रहा था, जो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 31 का सीधा उल्लंघन है। जांच टीम को यहां उपयोग की निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी प्रभुजी मिल्क लच्छा (सेवई) भी मिली।
खाद्य संरक्षा इकाई ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 किलोग्राम एक्सपायर्ड सेवई को नष्ट कराया। इसके अतिरिक्त, पापा बिस्कुट और मैदा के नमूने भी संग्रहित कर गुणवत्ता जांच के लिए भेजे गए हैं।
रोमियो लेन रेस्टोरेंट में भी खामियां, खराब सामग्री नष्ट
कृष्णापुरी के बोरिंग कैनाल रोड स्थित रोमियो लेन रेस्टोरेंट में भी खाद्य संरक्षा इकाई ने निरीक्षण किया। यहां रसोईघर में ढक्कनयुक्त कूड़ेदान की व्यवस्था नहीं पाई गई, जो स्वच्छता के बुनियादी नियमों का उल्लंघन है। निरीक्षण के दौरान 2 किलोग्राम दही मसाला, 1.5 किलोग्राम टमाटर ग्रेवी और 500 ग्राम पैडी नष्ट कराई गई। गुणवत्ता जांच के लिए भुनी चना दाल का नमूना भी संग्रहित किया गया।
नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए जारी रहेगा अभियान
स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई का कहना है कि आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। विभाग खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, वैध लाइसेंस और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग का संकल्प है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिले।








You must be logged in to post a comment.