Darbhanga Crime: बिहार के दरभंगा जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कमतौल थाना क्षेत्र के बरिऔल स्थित राधा मोहन ईंट भट्ठे पर 28 वर्षीय जेसीबी ड्राइवर राजबली दास का शव उसकी अपनी जेसीबी से लटका मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतक के परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए आरोप लगाया है कि राजबली की हत्या कर उसके शव को जेसीबी से लटकाया गया है।

मृतक राजबली दास मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र के सकरवाड़ा निवासी नागेश्वर दास का पुत्र था। वह पिछले दो सालों से इसी ईंट भट्ठे पर जेसीबी चलाने का काम कर रहा था। शनिवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद राजबली सोने चला गया था। भट्ठे पर देर रात करीब एक बजे से ईंट बनाने का काम शुरू होता है, लेकिन जब सुबह तक वह अपने काम पर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश की गई। भट्ठे के सबसे किनारे वाले हिस्से में वह उसी जेसीबी से लटका मिला, जिसे वह चलाता था।


परिवार का आरोप: राजबली की हत्या कर शव लटकाया गया, पुलिस पर भी सवाल
राजबली के भाई शंकर चौपाल ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि उनके भाई को मारकर जेसीबी से लटकाया गया है। शंकर चौपाल ने बताया कि राजबली कभी गमछा नहीं रखता था, जबकि घटनास्थल पर दो-दो गमछे टंगे मिले हैं, जिससे संदेह गहरा रहा है। मृतक के बड़े भाई ललित दास ने बताया कि राजबली छठ पर्व के एक दिन बाद ही वापस काम पर लौट आया था। उन्होंने यह भी बताया कि राजबली भट्ठा मालिक के व्यवहार और समय पर वेतन मिलने से संतुष्ट था, घर में किसी तरह का कोई विवाद या परेशानी नहीं थी।
ललित दास ने जानकारी दी कि राजबली ने छह साल पहले प्रेम विवाह किया था। उसके तीन साल का एक बेटा और तीन महीने की एक बेटी है। उसकी पत्नी फिलहाल अपने मायके पटना में है। परिजनों ने घटनास्थल की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई है और पुलिस की शुरुआती कार्रवाई से भी असंतुष्ट दिखे। उन्होंने गायघाट थाना की पुलिस को बुलाने की मांग की है।
भट्ठा मालिक और पुलिस का बयान: जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
ईंट भट्ठा मालिक रंजीत कुमार झा ने बताया कि राजबली उनकी ईंट भट्ठा पर जेसीबी चलाता था। उन्होंने जेसीबी किराये पर ले रखी थी, जिसके मालिक जयराम हैं। करीब एक महीने से यह जेसीबी उनके भट्ठे पर काम कर रही थी। रंजीत कुमार झा ने राजबली को काफी सज्जन लड़का बताया और कहा कि उन्हें घटना कैसे हुई, इसकी कोई जानकारी नहीं है। कर्मचारियों से सूचना मिलने के बाद वह दरभंगा से मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचना दी गई थी।
परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद कमतौल थाना की पुलिस करीब तीन घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। मृतक के भाई ने यह भी कहा कि वे चार घंटे से मौके पर मौजूद हैं, लेकिन भट्ठा मालिक और मुंशी घटनास्थल पर नहीं मिले। परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब तक गायघाट थाना की पुलिस नहीं पहुंचती, वे शव को नीचे नहीं उतरने देंगे।
कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने कहा, ‘परिजनों को समझाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की हत्या हुई है या उसने आत्महत्या की है। मामले में जांच के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।







