फोटो देशज टाइम्स कैप्शन: जिरौल में कार को मिथिला पेंटिंग से सजाती खुशबू व अन्य युवती
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। ट्रेन के बोगियों के अलावा अब कार व अन्य वाहनों पर भी मिथिला पेंटिंग से सजा आकर्षक दृश्य देखने को मिलेगा। इस कार्य को अंतिम रूप देने में कलाकर जोरशोर से लगे हुए हैं। दरअसल, बेनीपट्टी अनुमंडल क्षेत्र के जिरौल में आशुतोष साह के नेतृत्व वाली केएसबी क्राफ्ट संस्थान के अंतर्गत कार्य कर रही जिरौल की मिथिला पेंटिंग की कलाकर खुशबू चौधरी एक कार पर अपने कला और कौशल के माध्यम से मिथिला को सजा रही है। इस कार्य में उनका साथ हिसार की कल्पना झा, पूजा कुमारी और साधना झा दे रही हैं।






इन कलाकारों के साथ खुशबू कार पर डॉली कहार समेत विभिन्न चित्र को मिथिला पेंटिंग से उकेरने में करीब 15 दिनों से जुटी हुई है। मिथिला पेंटिंग से बनाये गये विभिन्न चित्रों के कारण कार आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जिसे रोजाना काफी संख्या में देखने के लिये लोग पहुंच रहे हैं।
इससे पहले भी खुशबू अपनी टीम के साथ मधुबनी रेलवे स्टेशन, समस्तीपुर रेलवे स्टेशन, बेनीपट्टी अनुमंडल पदााधिकारी के कार्यालय, धकजरी उच्च विद्यालय सहित अन्य स्थानों पर मिथिला के परंपरागत थीम को मिथिला पेटिंग के जरिए सजा चुकी है। साथ ही बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट ट्रेन के बोगियों को भी मिथिला पेंटिंग से सजाकर आकर्षक रूप दे चुकी है़ और वर्तमान में कार पर मिथिला पेंटिंग से मिथिला को सजा रही है़।
केएसबी क्राफ्ट के श्री साह और खुशबू ने बताया कि वर्तमान समय के अनुसार थीम निर्धारित कर मिथिलाा पेंटिंग से सुसज्जित करने का काम लगातार किया जा रहा है। संस्था के नेतृत्व में बनायी गयी पेंटिंग काफी संख्या में लोग खरीद रहे हैं। साथ ही प्रशंसा भी कर रहे हैं।
आशुतोष और खुशबू ने बताया कि कार पर मधुबनी पेंटिंग करने के पीछे उनका मकसद ये है कि अधिक से अधिक लोग इस कला को देख सकें और जान सकें, ताकि अधिक से अधिक इसका प्रचार-प्रसार हो, जिससे यहां के कलाकारों को रोज़गार का अवसर मिलेगा। कपड़े और कागज के अलावा घर की दीवारों पर तो अक्सर मधुबनी पेंटिंग देखने को मिल जाती है, लेकिन कार पर अब तक मधुबनी पेंटिंग देखने को नहीं मिला था और उम्मीद है कि ये प्रयोग लोगों को पसंद आएगा।








