
बेनीपुर। आगामी 11 फरवरी को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दरभंगा विनोद कुमार तिवारी ने विभिन्न बैंकों के प्रबंधकों के साथ बैठक किया।
उन्होंने बेनीपुर एवं बिरौल अनुमंडलीय क्षेत्र में अवस्थित सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक ऋण संबंधी मामलों का चयन कर नोटिस तैयार करें,और लोक अदालत कार्यालय में जमा करें। अदालत की ओर से बकायेदारों को नोटिस प्राप्त कराया जायेगा। उन्होंने बैंकरों से कहा कि ऋणधारकों को बताये कि लोक अदालत के जरिए मामला निपटाना आसान है।
इससे पैसे एवं समय दोनों की बचत होगी। न्यायालय की ओर से ऋण की वसूली में मूल, ब्याज और मुकदमे का खर्च भी देना होता है परंतु लोक अदालत में आपसी समझौते से मामला निपटाया जायेगा। जिला जज श्री तिवारी ने कहा कि लोग ऋणमुक्त होना चाहते हैं बस उन्हें समझाने की जरूरत होती है।
एक बार वह बैंकरों की बातों से संतुष्ट हो जाये तो बकायेदार खुद ऋण का भुगतान करेंगे। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य हीं है प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देना। यहां कोई जोर जबरदस्ती नहीं किया जाता है। लोग हंसी खुशी आपस में समझौता कर वर्षों से लंबित मुकदमों को खत्म कराते हैं।
बैठक में अपर मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी अमित आनंद, एसबीआई के देवप्रकाश, एडीबी के धर्मेन्द्र कुमार, एसबीआई बिरौल के रंजीत कुमार, पीएनबी बेनीपुर के आशुतोष झा और बिरौल के पिन्टू कुमार, बैंक आफ इंडिया के कौशल किशोर श्रीवास्तव, सेंट्रल बैंक व ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक उपस्थित थे।






