
बिहार में नीतीश कैबिनेट विस्तार को लेकर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान सामने आया हैं। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि हमारे गठबंधन में चार पार्टियां सरकार में है। तीन पार्टी नहीं है। तो तीन दल हैं उनका निर्णय लिया जाएगा कि वे मंत्रिमंडल में शामिल होंगे या नहीं। पढ़िए पूरी खबर
बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर घटक दलों में किचकिच जारी है। इस बीच, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने गुरुवार को साफ कर दिया कि मंत्रिमंडल विस्तार में कांग्रेस को एक कोटा मिलना पहले ही तय हुआ है।
दिल्ली से पटना वापस लौटने का बाद तेजस्वी गुरुवार को हवाई अड्डे पर पत्रकारों से चर्चा करते लालू प्रसाद के स्वास्थ्य के विषय में कहा कि इन्फेक्शन के चांसेस ज्यादा रहते हैं। उसको देखते हुए हम लोग ख्याल रख रहे हैं।
इसी दौरान तेजस्वी ने कांग्रेस की ओर से मंत्री पद की मांग पर कहा कि पहले ही यह तय हुआ था कि जब मंत्रिमंडल विस्तार होगा तो कांग्रेस का एक मंत्री बनाया जाएगा। यह तो उस समय घोषणा भी हुई थी।
तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि महागठबंधन से बीजेपी को डर बना हुआ है। यह 2024 का डर है। दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि जो जो कमजोर पार्टियां हैं, वह सब एकजुट हो रही हैं। इससे कुछ होने वाला नहीं है। इस पर तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ठीक है वह कह रहे हैं, उनका अपना कहना है, लेकिन यह भी बात सही है कि अमित शाह को 2024 का डर बना हुआ है और यह होना भी चाहिए।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के और विपक्षी दलों के एकजुटता के संबंध में पूछे गए एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि झारखंड गए तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात हुई और दिल्ली गए तो अरविंद केजरीवाल से मुलाकात हुई और दो लोग बैठते हैं तो बात तो होती है कि देश में क्या चल रहा है क्या हो रहा है। उन्होंने इस दौरान आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर डरी हुई है।







