- Advertisement -
बुधवार की सुबह से ही गायब थे दस वर्षीय निर्मल उरांव व छह वर्षीय शीला कुमारी, मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम कर रही जांच, घटनास्थल से कुछ सैंपल उठाए
रांची, देशज टाइम्स लातेहार जिला के मनिका थाना क्षेत्र के सेमरहट गांव में गुरुवार को दो बच्चों का सिर कटा शव बरामद किया गया। इसमें एक लड़का है और दूसरी लड़की। मृत बच्चों की पहचान 10 वर्षीय निर्मल उरांव और 6 वर्षीय शीला कुमारी के रूप में की गई।परिजनों सहित ग्रामीणों ने बलि देने की आशंका जताई है। सूचना के बाद पहुंची मनिका पुलिस ने मौके का जायजा लिया और ग्रामीणों से पूछताछ की। मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी) की टीम पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। इसमें फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी शामिल हैं।
हालांकि लातेहार एसपी प्रशांत आनंद ने इससे इनकार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हरेक बिंदु को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने जल्द ही हत्यारों को पकड़ने का दावा किया।
ग्रामीणों ने बताया कि निर्मल उरांव और शीला कुमारी दोनों अलग-अलग परिवारों के थे। निर्मल वीरेंद्र उरांव का बेटा था और शीला बिहारी उरांव की बेटी थी। दोनों बच्चे बुधवार सुबह से ही घर से गायब थे। परिजनों ने दोनों को काफी खोजा पर उनका कुछ पता नहीं चला।
मौके पर पहुंचे मनिका थाना प्रभारी प्रभाकर मुंडा ने बताया कि घटना की जांच के लिए मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। शव की बरामदगी कर ली गई है। पोस्टमार्टम के लिए दोनों शवों को लातेहार के सदर अस्पताल में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दोनों शवों के सिर गायब हैं। उसे खोजने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी फरार है लेकिन उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा। साथ ही उसके घर का ताला तोड़कर तलाशी ली जायेगी। मौके पर लातेहार एसडीएम जेपी झा, एसडीपीओ वीरेंद्र राम, थाना प्रभारी बालूमाथ सुभाष पासवान, हेरहंज थाना प्रभारी नित्यानंद कुमार समेत कई पदाधिकारियों की टीम घटनास्थल पर कैंप कर रही है।
- Advertisement -








You must be logged in to post a comment.