
मधुबनी से इस वक्त की बड़ी खबर है। मधुबनी जिला में अवैध खनन को लेकर प्रशासन चौकस है। इसी कड़ी में मधुबनी के खनन निरीक्षक कुमार गौरव ने झंझारपुर थाना क्षेत्र में नदी के बालू से भरे एक ट्रैक्टर को जब्त कर उसपर कार्रवाई के लिये झंझारपुर थाने में आवेदन दिया हैं।
उक्त आवेदन के आलोक में थानाध्यक्ष राशिद परवेज ने प्राथमिकी दर्ज कर लिया हैं। खनन निरीक्षक कुमार गौरव ने थाना को दिये आवेदन में कहा है कि दस बजे दिन में अपने दल बल के साथ परतापुर गांव स्थित कमला नदी की और जा रहें थे इसी बीच नदी से बालू से लदा एक ट्रैक्टर देखा।
पूरी टीम के साथ ज्योंही वे आगे बढ़े इतने में चालक एवं मजदूर नदी में कूदकर फरार हो गया। उन्होंने कहा कि उक्त ट्रैक्टर को जब्त कर निजी चालकों के सहारे थाना लाया।
दिए आवेदन में गाड़ी का नंबर नहीं है। लेकिन,ट्रैक्टर के इंजन नंबर का जिक्र करते हुए कहा हैं कि यह अवैध खनन का मामला हैं। इससे सरकार के राजस्व की चोरी की जा रही थी।
उन्होंने ट्रैक्टर, ट्रैक्टर चालक एवं ट्रैक्टर मालिक के विरुद्ध अवैध खनन को लेकर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। यही नहीं, 70 सीएफटी बालू के लिये दंड स्वरूप तीस हजार तीन सौ तेरह रुपया वसूल करने को भी कहा हैं।
इधर थानाध्यक्ष राशिद परवेज ने कहा कि अवैध खनन को लेकर पुलिस भी सख्त हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई हैं। आगे की कार्रवाई की जा रही हैं।







