- Advertisement -
पटना, देशज टाइम्स । बिहार विधानसभा में फर्जी राशन कार्ड पर कालाबाजारी के मामले पर विपक्ष के हंगामे के बाद विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने घोषणा की कि यदि यह मामला सही पाया गया तो इसके लिए सदन की कमेटी बनाई जाएगी। बिहार विधानसभा में गुरुवार को राजद के भाई बिरेंद्र के अल्प सूचित प्रश्न पर खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री के जवाब पर हुए हंगामे के बाद सभा अध्यक्ष ने सदस्यों के आग्रह पर कहा कि वह इस मामले को अपने स्तर से भी देखेंगे और यदि फर्जी राशन कार्ड पर कालाबाजारी का मामला सही पाया गया तो इसके लिए सदन की कमेटी बनाएंगे। भाई बिरेंद्र के सवाल का जवाब देते हुए खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी ने कहा कि 9 लाख 68 हजार राशन कार्ड फर्जी पाए गए जिनमें से दो लाख 59 हजार दुकानदारों का लाइसेंस रद्द कर आवंटन रोक दिया गया।
उन्होंने कहा कि चिन्हित किए गए और अपात्र राशन कार्ड को अपनी पात्रता सिद्ध करने के लिए मौका दिया जा रहा है। मंत्री के जवाब पर एक-एक कर भाई बिरेंद्र, कांग्रेस विधायक दल के नेता सदानंद सिंह, राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी ,कांग्रेस के अवधेश कुमार सिंह, अशोक राम समेत कई सदस्यों ने अपने -अपने पूरक प्रश्नों के माध्यम से राशन कार्ड में गड़बड़ी और फर्जी राशन कार्ड के आधार पर खाद्यान्नों की कालाबाजारी का मामला उठाया। भाई वीरेंद्र ने सवाल उठाया कि जिनका राशन कार्ड रद्द नहीं हुआ है उन्हें भी अनाज नहीं दिया जा रहा है।
इस बीच फर्जी राशन कार्ड पर आवंटन जारी रहने का मामला उठा जिस पर अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि फर्जी राशन कार्ड पर खाद्यान्न जो लिया करते थे वह राशन कहां हैं ? अपने पूरक के माध्यम से कांग्रेस के अवधेश कुमार सिंह ने राशन कार्ड की गड़बड़ी रोकने के लिए सभी राशन कार्ड को आधार से लिंक करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि आधार से लिंक कर दिए जाने पर फर्जी राशन कार्ड की भी जानकारी मिलेगी। कांग्रेस के अशोक राम ने जानना चाहा कि फर्जी राशन कार्ड पर हो रही कालाबाजारी के लिए दोषी पदाधिकारियों पर सरकार ने क्या कार्रवाई की है? इस पर मंत्री ने कहा कि 2011 के सर्वे के आधार पर 968000 चिन्हित फर्जी राशन कार्ड धारियों में से जिनका राशन कार्ड रद्द कर दिया गया है उन्हें आवंटन नहीं जा रहा है किंतु जिनका रद्द नहीं किया गया उन्हें आवंटन जा रहा है। मंत्री के इस जवाब पर खाद्यान्नों की कालाबाजारी और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने के मामले पर विपक्ष ने शोरगुल करना शुरू कर दिया और दोषियों को संरक्षण दिए जाने का आरोप लगाया जिसके बाद मंत्री ने कहा कि आवंटी धन्ना सेठ नहीं हैं । मंत्री के धन्ना सेठ की बात पर विपक्ष उत्तेजित हो गया और हंगामा तेज़ कर दिया। शोरगुल और हंगामे के बीच हस्तक्षेप करते हुए सभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने कहा कि फर्जी राशन कार्ड के विरुद्ध आवंटन दिया जा रहा है तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जो फर्जी या अपात्र हैं उनको यदि आवंटन दिया जा रहा है तो इसकी जांच कराई जाएगी। इस पर राष्ट्रीय जनता दल ने सदन की कमेटी बनाकर जांच कराने की मांग की।
राजद की इस मांग पर मंत्री ने कहा कि 259000 का ही आवंटन रोका गया है शेष का आवंटन रोका कैसे जा सकता है? मंत्री के इतना कहते ही राष्ट्रीय जनता दल के सदस्य उत्तेजित हो गए और फर्जी राशन कार्ड पर कालाबाजारी को लेकर हंगामा करते रहे। राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी के आग्रह पर सभा अध्यक्ष ने पूरे मामले को अपने स्तर से भी देखने की घोषणा की और सदन की कमेटी बनाकर जांच कराने की विपक्ष की मांग पर उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि आरोप सही पाए गए तो इसके लिए सदन की कमेटी बनाई जाएगी।

- Advertisement -








You must be logged in to post a comment.