Thakurganj news का यह मनमोहक नजारा किसी को भी मंत्रमुग्ध कर सकता है, जब प्रकृति खुद अपने सौंदर्य की अनोखी छितिज बिखेर दे। सोमवार की सुबह ठाकुरगंज में कुछ ऐसा ही अद्भुत और विहंगम दृश्य देखने को मिला, जिसने वहां से गुजरने वाले हर शख्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। कई दिनों तक धुंध और बादलों की घनी चादर के पीछे छिपी हिमालय की बर्फीली चोटियां आसमान साफ होते ही पूरी भव्यता के साथ उभर आईं।

रेलवे स्टेशन से दिखा हिमालय का अद्भुत नजारा
सोमवार की सुबह जब हल्की और सुनहरी धूप दूर क्षितिज पर फैली बर्फ से ढकी कंचनजंघा की चोटियों पर पड़ी, तो पूरा इलाका चमक उठा। ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन परिसर और रेल की पटरियों के ठीक पीछे नजर आ रही इन बर्फीली श्रृंखलाओं का यह नजारा बेहद दुर्लभ और खूबसूरत था। रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय राहगीरों ने इस मनमोहक पल को अपने मोबाइल कैमरों में तुरंत कैद कर लिया। नेपाल और पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे होने के कारण यहां की भौगोलिक स्थिति पहले से ही काफी खास मानी जाती है.
प्रकृति की गोद में बसा है ठाकुरगंज
इस क्षेत्र की प्राकृतिक संपन्नता केवल हिमालय के दर्शन तक ही सीमित नहीं है। यहां के विस्तृत चाय बागान, दूर तक फैले हरे-भरे खेत और खुली आबोहवा इस इलाके को एक अनूठी पहचान देते हैं। स्थानीय लोगों के लिए हालांकि मौसम साफ होने पर पहाड़ दिखना आम बात है, लेकिन लंबे समय तक छाए बादलों के बाद जब यह नजारा सामने आया, तो सुबह की रौनक कई गुना बढ़ गई। चाय के बागानों और हरियाली के बीच से दिखती हिमालय की यह श्रृंखला हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करती है.
पर्यटन के नक्शे पर पहचान का इंतजार
अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और हिमालय के दीदार की खूबी होने के बावजूद ठाकुरगंज वह पर्यटन पहचान अब तक नहीं पा सका है, जिसका यह हकदार है। यदि इस क्षेत्र के प्राकृतिक दृश्यों, चाय के बागानों और बर्फीली चोटियों के नजारों को सुनियोजित पर्यटन से जोड़ा जाए, तो इसे एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। सोमवार की सुबह आसमान में उभरी इस तस्वीर ने एक बार फिर यह याद दिला दिया है कि यहां की असली खूबसूरती स्थानीय पर्यावरण और प्रकृति के अनछुए पहलुओं में छिपी है।







