Kishanganj News: बिहार के किशनगंज जिले में दहेज के लालच ने एक हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया है। पोठिया थाना क्षेत्र के नयाबस्ती गांव में एक विवाहिता को पांच लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी न होने पर तीन मासूम बच्चों के साथ घर से बाहर निकाले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना किशनगंज में चार नवंबर को पति समेत पांच ससुराल वालों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

चार साल पहले हुई थी शादी, एक साल बाद शुरू हुआ उत्पीड़न
पीड़िता ने पुलिस को दिए गए अपने आवेदन में विस्तार से आपबीती बताई है। उसने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब चार वर्ष पूर्व पोठिया थाना क्षेत्र के नयाबस्ती निवासी युवक के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। शादी के वक्त उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत के मुताबिक भरपूर उपहार और शगुन देकर विदा किया था। शुरुआत का एक साल तक जीवन सामान्य तरीके से बीता, लेकिन इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों का असली रंग सामने आने लगा और वे कम दहेज मिलने का ताना मारने लगे.
सास, ससुर और देवर के उकसाने पर पति रोयल आलम ने पीड़िता के साथ मारपीट की और उसके तीन छोटे बच्चों के साथ उसे घर से बाहर निकाल दिया.
पंचायती के बाद भी नहीं पसीजे ससुराल वाले
ससुराल पक्ष के लोग पीड़िता पर लगातार दबाव बना रहे थे कि वह अपने मायके से पांच लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल लेकर आए। जब पीड़िता के माता-पिता ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो उसका जीवन नर्क बना दिया गया। ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का सिलसिला शुरू कर दिया। विवाद को सुलझाने के लिए बीते जुलाई महीने में समाज के लोगों के सामने एक पंचायती भी बुलाई गई थी, लेकिन बात नहीं बनी और प्रताड़ना जारी रही.
महिला थाने में पांच लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
मामले को लेकर महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने मीडिया और पुलिस रिकॉर्ड की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुसंधान यानी जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके.







