Bhagalpur News की इस वक्त की बड़ी खबर तारापुर इलाके से सामने आ रही है, जहां आस्था के महापर्व छठ की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। गंगा स्नान करके अपने भतीजे के साथ घर लौट रही एक महिला को तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी, जिनकी इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में मौत हो गई। मृतका की पहचान बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत धौरी गांव निवासी नारायणी देवी के रूप में हुई है।

भतीजे के साथ बाइक से लौट रही थीं घर
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नारायणी देवी खुद छठ व्रत करने वाली थीं। पर्व की तैयारियों को पूरा करने के लिए वह गंगा स्नान करने गई थीं। स्नान के बाद वह अपने भतीजे उत्तम कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान गुरुवार रात करीब एक बजे तारापुर के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नारायणी देवी सड़क पर दूर जा गिरीं और उनके कान के पास से अत्यधिक खून बहने लगा। हादसे में उन्हें गंभीर आंतरिक चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचाया गया।

मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
मायागंज अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में घायल महिला का इलाज शुरू किया गया, लेकिन उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। तमाम कोशिशों के बावजूद शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका के पति देवानंद दास की उम्र करीब 70 वर्ष है और वे मजदूरी करके अपने परिवार का किसी तरह भरण-पोषण करते हैं। परिवार में उनके एक बेटे संतोष दास, बहू, दो पोतियां और एक पोता शामिल हैं। नारायणी देवी के इस तरह अचानक चले जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, धौरी गांव में भी छठ पर्व की तैयारियों के बीच इस मनहूस खबर के पहुंचने से शोक की लहर दौड़ गई है।







