
बिरौल देशज टाइम्स डिजिटल डेस्क। प्रखंड के मध्य विद्यालय सोनपुर में बीईओ की अनदेखी से यहां के शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है।
इसमे सुधार लाने के लिए स्थानीय ग्रामीण, अभिभावक विगत एक वर्षों से प्रधानाध्यापक एवं विभाग को अवगत कराते रहे, बावजूद व्यवस्था में किसी तरह का सुधार नहीं होने को लेकर पंंचायत की मुखिया पुनीता देवी एवं पूर्व उपप्रमुख चरितर राम के नेतृत्व में मध्य विद्यालय सोनपुर के मुख्य द्वार में ताला लगाकर यहां के प्रधानाध्यापक सुरेश ठाकुर को हटाने की मांग करते हुए धरना पर बैठ गए।
इतना ही नहीं ग्रामीणों के मांग को जायज मानते हुए जदयू के प्रखंड अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार चौधरी ने भी अपने समर्थकों के साथ धरनार्थियों का समर्थन कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानाध्यापक के रूप में सुरेश कुमार ठाकुर जब से पदस्थापित हुए हैं तब से यहां शिक्षा व्यवस्था से लेकर शिक्षा विभाग की ओर से संचालित सरकारी योजनाओं में लूट खसौट खुले आम शुरू हो गया।
प्रधानाध्यापक के इस मनमानी के पीछे जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं बीआरसी कार्यालय का इन्हें समर्थन प्राप्त है। जबतक सुरेश ठाकुर को मध्य विद्यालय सोनपुर से हटाया नहीं गया तबतक स्कूल में ताला बंद रहने व ग्रामीणों का यह धरना जारी रखने की बात कही जा रही है।
बीईओ की ओर से भेजे गए प्रतिनिधि डॉ.कुमार संजय ने ग्रामीणों से वार्ता करने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण और अभिभावक एक भी नहीं मानते हुए प्रधानाध्यापक सुरेश ठाकुर को हटाने पर अड़ रहे।
















