

केवटी | थाना क्षेत्र के कदमटोली गांव वार्ड नंबर-8 में गुरुवार की शाम नदी में डूबे सुरेन्द्र सदाय के पांच वर्षीय पुत्र आयुष सदाय का शव शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे बरामद हुआ। शव बने घाट से कुछ दूरी पर पानी में फंसा हुआ मिला।
एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से मिला शव
घटना के बाद से ही सीओ भास्कर कुमार मंडल और थानाध्यक्ष सदन राम की देखरेख में तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।
गुरुवार की शाम से लगातार खोजबीन के बावजूद सफलता नहीं मिल पाई थी, लेकिन शुक्रवार सुबह दोबारा तलाशी शुरू की गई।
इस बार दो एसडीआरएफ टीमों और स्थानीय गोताखोरों की संयुक्त कोशिशों से शव बरामद किया गया। स्थानीय गोताखोरों ने बताया कि जब शव हाथ से स्पर्श हुआ, तभी पानी के ऊपर आ गया।
शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रखंड अध्यक्ष राम सजीवन सदाय पहुंचे, परिजनों को दी सांत्वना
शव मिलने की सूचना पर हम सेक्युलर पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष राम सजीवन सदाय मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के पिता सुरेन्द्र सदाय और माता रेखा देवी से मुलाकात कर उन्हें ढाढ़स बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
खेलने के दौरान नदी में फिसल गया था मासूम
परिजनों ने बताया कि आयुष गुरुवार शाम करीब 4 बजे अपने चार-पांच दोस्तों के साथ घर के पश्चिम दिशा में बह रही कमला मरने नदी की ओर चला गया था।
बच्चे घाट की सीढ़ियों पर खेल रहे थे, तभी आयुष का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
अन्य बच्चों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों को दी, जिसके बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया।
गांव में मातम, परिवार सदमे में
घटना के बाद से आयुष के घर में चीख-पुकार मची हुई है। गांव के लोग इस दर्दनाक हादसे से गहरे सदमे में हैं और हर कोई परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहा है।








