Darbhanga Crime: प्रभास रंजन दरभंगा। बिहार के दरभंगा में ठगी का जाल लगातार फैलता जा रहा है। लहेरियासराय थाना क्षेत्र अब ठगों के लिए एक सुरक्षित ठिकाना बनता दिख रहा है, जहां वे बेखौफ होकर आम लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस की कथित लापरवाही के कारण अब तक एक भी ठग पकड़ा नहीं गया है, जिससे आम जनता में भय और चिंता बढ़ रही है। हाल ही में राम जानकी मंदिर के पास एक वृद्ध व्यक्ति को सोने की अंगूठी गंवाकर ठगी का शिकार होना पड़ा।

ठगों का नया पैंतरा: नकली चेन और सोने की अंगूठी गायब
रविवार को रहमगंज निवासी लक्ष्मी नारायण साह के साथ हुई वारदात ने एक बार फिर ठगों के नए तौर-तरीकों को उजागर किया है। सड़क पर जा रहे लक्ष्मी नारायण को बाइक सवार दो व्यक्तियों ने रोका। इसके बाद उन्होंने इशारे से दो और बदमाशों को बुलाया। ठगों ने सम्मान का नाटक करते हुए एक ने पैर छूकर और दूसरे ने हाथ जोड़कर प्रणाम किया। उन्होंने वृद्ध व्यक्ति को बहकाया कि ‘आजकल समय ठीक नहीं चल रहा है, सोने की अंगूठी पहनकर क्यों घूम रहे हैं?’ और उन्हें अंगूठी उतारकर कागज में रखने की सलाह दी।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस के हाथ खाली
चालबाजी से बदमाशों ने कागज में लपेटी हुई असली अंगूठी की जगह नकली चेन थमा दी और सोने की अंगूठी लेकर मौके से फरार हो गए। जब लक्ष्मी नारायण साह ने कागज खोलकर देखा, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दिख रहा है कि बदमाश अच्छे कपड़े और जूते पहने हुए थे, जिससे किसी को उन पर शक नहीं हुआ। पीड़ित ने लहेरियासराय थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
लहेरियासराय क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों से जेवरात ठगी के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, लेकिन अब तक एक भी ठग को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पुलिस की यह निष्क्रियता ठग गिरोहों का मनोबल बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने और ठगों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है ताकि आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर सकें।








You must be logged in to post a comment.