Darbhanga Crime News: दरभंगा जिले में अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जाले थाना क्षेत्र के बघौल गांव में एक पोते पर जानलेवा हमला किया गया। उसे बचाने पहुंची दादी और अन्य परिजनों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई, फिर घर में घुसकर हजारों की नकदी व जेवर लूट लिए गए। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
यह पूरी घटना बीते आठ जुलाई की रात करीब आठ बजे की है। बघौल गांव निवासी शुभकला देवी ने जाले थाने में आवेदन देकर गांव के ही देबू चौपाल, ब्रह्मदेव चौपाल उर्फ हलखोरी चौपाल, लालो देवी और रोहिनी देवी समेत कुछ अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।






पोते पर जानलेवा हमला और घर में घुसकर लूटपाट
शुभकला देवी के आवेदन के अनुसार, आठ जुलाई की रात उनका पोता प्रमेश चौपाल अपने घर के पास खड़ा था। इसी दौरान आरोपितों ने अचानक लाठी, क्रिकेट बैट, चाकू और लोहे की सरिया से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। प्रमेश की चीख सुनकर शुभकला देवी और परिवार के अन्य सदस्य उसे बचाने के लिए दौड़े।
लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। बचाने पहुंचे परिजनों के साथ भी जमकर मारपीट की गई। लोहे की सरिया के वार से शुभकला देवी के परिजन चन्द्रेश्वर का सिर फट गया, वहीं प्रमेश चौपाल को चाकू लगने से गंभीर चोटें आईं।
शुभकला देवी ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनके घर में घुसकर एक बक्सा तोड़ दिया। उसमें रखे 15 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल और सोने का नथिया लूटकर वे फरार हो गए।
घायलों को ग्रामीणों की मदद से तुरंत जाले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक ने प्रमेश चौपाल की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
पीड़िता शुभकला देवी ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने अपने आवेदन में यह भी बताया है कि इस घटना के कई ग्रामीण प्रत्यक्षदर्शी हैं और मामले को लेकर गांव व थाना स्तर पर पंचायत भी हुई थी।
जाले थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि शुभकला देवी के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इस पूरे प्रकरण की तहकीकात का जिम्मा एसआई उमेश पांडेय को सौंपा गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।








