Darbhanga Election Result: प्रभास रंजन दरभंगा। करीब 60 घंटे तक चली मतगणना के बाद आखिरकार दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के परिणाम सामने आ गए हैं। इस लंबी प्रक्रिया के बाद राजद प्रत्याशी अनिल कुमार झा ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने एनडीए प्रत्याशी सर्वेश कुमार को 4,010 वोटों के बड़े अंतर से हराकर यह सीट अपने नाम की।
जीत की आधिकारिक घोषणा के बाद, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने अनिल कुमार झा को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस मौके पर आयुक्त ने मीडिया से बातचीत की और मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष और सफल बनाने के लिए सभी सहयोगी कर्मियों और अधिकारियों की सराहना की।
अनिल कुमार झा को मिले रिकॉर्ड तोड़ वोट
प्रमंडलीय आयुक्त से मिली रिपोर्ट के अनुसार, अनिल कुमार झा को कुल 25,406 वोट प्राप्त हुए हैं। वहीं, उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनडीए प्रत्याशी सर्वेश कुमार को 21,396 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस तरह अनिल कुमार झा ने निर्णायक बढ़त के साथ दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में विजय पताका फहराई।
आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने कहा, ‘सभी सहयोगी कर्मियों के साथ दरभंगा के DM कौशल कुमार, नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, मधुबनी के DM आनंद शर्मा और समस्तीपुर के DM रोशन कुशवाहा के सहयोग से मतगणना का कार्य निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया। अनिल कुमार झा को भविष्य के लिए हमारी शुभकामनाएं और बधाई।’
लगातार तीन दिनों तक चली मतगणना ने उम्मीदवारों और मतदाताओं की धड़कनें बढ़ा रखी थीं। अब परिणाम आने के बाद अनिल कुमार झा के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। आयुक्त ने आधिकारिक रूप से उनकी जीत की घोषणा करते हुए उन्हें बधाई दी।

















