
दरभंगा, देशज टाइम्स। जिलाधिकारी राजीव रौशन ने आज गौड़ाबौराम प्रखंड के आसी पंचायत का भ्रमण कर वहां संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम श्री रौशन पूरी तरह शिक्षक की भूमिका में नजर आए। छात्रों के वर्ग में गए। उनसे सवाल पूछा। साथ ही शिक्षकों से भी भौतिकी के कई सवाल पूछते हुए डीएम श्री रौशन ने सबका दिल जीत लिया। पढ़िए पूरी खबर
जिलाधिकारी श्री रौशन सबसे पहले गौड़ाबौराम के पुराने पंचायत भवन पहुंचे। पंचायत भवन का निरीक्षण कर उच्च विद्यालय, आसी पहुंचे, जहां जिलाधिकारी ने स्वयं वर्ग-09 के बच्चों को पढ़ाया। फिज़िक्स विषय से संबंधित चल रहे क्लास में जाकर उन्होंने संबंधित शिक्षक एवं बच्चों से कई प्रश्न किये तथा आवश्यक निर्देश दिये।
इसके बाद उन्होंने आसी पंचायत के जन वितरण प्रणाली की दुकान की जांच की। वहां माप-तोल उपकरण एवं भंडार पंजी का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही उन्होंने वहां उपस्थित लोगों की शिकायत पत्र को भी लिया।
इसके उपरांत उन्होंने आसी पंचायत में मनरेगा के अंतर्गत 3 लाख 72 हजार रुपये की लागत से बने पी.सी.सी सड़क का निरीक्षण किया और पी.सी.सी. के बगल में खाली जमीन को भी मिट्टी से भरवाने के निर्देश संबंधित को दिए।
भ्रमण के दौरान गौड़ाबौराम के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी,प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी तथा आसी पंचायत के मुखिया शिव शंकर मिश्र उपस्थित थे।





