Kewati Accident: दरभंगा-जयनगर एनएच 527बी पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। केवटी थाना क्षेत्र के बलुवेल पब्लिक स्कूल के पास दो बाइकों की सीधी टक्कर में 32 वर्षीय अंजन शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक घटना ने अंजन के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब डेढ़ बजे यह हादसा उस वक्त हुआ जब अंजन शर्मा जिस बाइक पर सवार थे, वह सड़क पर अचानक यू-टर्न लेने लगी। इसी दौरान दरभंगा की ओर से आ रही मोहम्मद तौकीर की बाइक अंजन की बाइक से जोरदार तरीके से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंजन शर्मा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सड़क हादसे के बाद मची चीख-पुकार, पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही केवटी थाना की 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को एक टेम्पो में लादकर केवटी सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अंजन शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दड़िमा गांव के मोहम्मद तौकीर (40) और खराज गांव के सुभान मंडल (20) को प्राथमिक उपचार के बाद दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अंजन शर्मा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
अंजन शर्मा के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
‘आब हमर जीवन कोना विततै हो भगवान’
मेहशाजान के अंजन शर्मा की मौत की खबर उनके गांव और आसपास के इलाके में जंगल की आग की तरह फैल गई। अंजन के घर में मातम पसर गया। उनकी पत्नी संगीता देवी, 12 वर्षीय इकलौती बेटी नैना कुमारी और मां इंदिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी संगीता देवी का दिल दहला देने वाला क्रंदन सुनकर गांव के लोग भी भावुक हो उठे। उनकी मां बार-बार बेहोश हो रही थीं और यही कह रही थीं कि ‘आब हमर जीवन कोना विततै हो भगवान’ (अब मेरा जीवन कैसे बीतेगा हे भगवान)। अंजन चार भाइयों में सबसे बड़े थे और घर पर बढ़ई का काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन ली हैं।







