
बेनीपुर। अनुमंडल अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. जितेंद्र नारायण के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर सोमवार को उन्होंने अपना पदभार डॉ. रोहित चंद्र झा को सौंपा।
जानकारी के अनुसार, डॉ. जितेंद्र नारायण अस्पताल के संस्थापक चिकित्सक के रूप में जाने जाते हैं पिछले दो दशक से इन्होंने बेनीपुर के क्षेत्रवासियों को अपनी सेवा दी है।
इससे पूर्व ये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहेरा एवं बहेरी के भी चिकित्सा प्रभारी रह चुके हैं ।उसके बाद 2010 में अनुमंडल अस्पताल का शुभारंभ होने के बाद इन्हें तत्काल प्रभार दिया गया। इन्होंने उधार के बेंच डेक्स और टेबल कुर्सी से अनुमंडल अस्पताल का संचालन प्रारंभ किया था।
और, इनके कार्यकाल में इस अस्पताल का उत्तरोत्तर विकास की मार्ग प्रशस्त हुआ। कोरोना काल से पूर्व जिले के पूर्ववर्ती सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र कुमार झा की ओर से सिविल सर्जन के पद पर आसीन होने के बाद इस अस्पताल का प्रभार डॉ. रोहित चंद्र झा को सौंपा गया।
लेकिन, कोरोना काल में इनकी लचर व्यवस्था को देखते हुए तत्कालीन जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम इन्हें पदभार मुक्त करते हुए पुनः डॉ. जितेंद्र नारायण को प्रभारी बनाया जो अपने सेवानिवृत्त काल तक इस अस्पताल को अपना सेवा देते आए हैं।
आज इनके सेवानिवृत्त होने पर स्थानीय बुद्धिजीवी प्रो. सुरेश प्रसाद सिंह, अधिवक्ता अमरेश झा सहित अन्य लोगों ने इन्हें दीर्घ जीवी होने की कामना करते हुए कहा कि डॉ. जितेंद्र नारायण एक चिकित्सक नहीं सच्चे समाजसेवी के रूप में विगत दो दशक तक अपना सेवा बेनीपुर के क्षेत्र के लोगों को दिया और उम्मीद की जा रही है जो अपने स्वस्थ जीवन में आगे भी जनता की सेवा में समर्पित रहेंगे।






