Darbhanga News: दरभंगा जिले में 10 जून को पश्चिमी कोसी नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे में लापता हुई 11 वर्षीय बच्ची नेहा कुमारी का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया है। इस खबर से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। कई दिनों से चल रहा प्रशासन का सघन खोज अभियान नेहा के शव मिलने के साथ ही समाप्त हो गया है।
खोज अभियान हुआ समाप्त, परिवार में मातम
किरतपुर प्रखंड के जमालपुर थाना क्षेत्र स्थित तरवाड़ा गांव के समीप पश्चिमी कोसी नदी में बीते 10 जून को एक नाव हादसा हुआ था। इस दुर्घटना में नेहा कुमारी लापता हो गई थी। वह मूंग तोड़ने के लिए निकली थी, तभी यह दर्दनाक घटना घटी। लापता होने के बाद से ही स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम लगातार बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही थी। गुरुवार सुबह शव मिलने के बाद परिजनों की उम्मीदें टूट गईं और घर में चीख-पुकार मच गई।




नरकटिया स्पर के पास मिला शव
अंचल अधिकारी आशुतोष कुमार ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे गोताखोरों और स्थानीय प्रशासन के संयुक्त प्रयास से एक शव बरामद किया गया। बरामद शव की पहचान 11 वर्षीय प्रियंका कुमारी उर्फ नेहा कुमारी के रूप में हुई है। शव नरकटिया स्पर के पास से मिला है। नेहा कुमारी की पहचान होते ही गांव में गमगीन माहौल छा गया। इस घटना ने एक बार फिर कोसी नदी के किनारे रहने वाले लोगों के जीवन से जुड़ी चुनौतियों और खतरों को उजागर कर दिया है।







