Jamui news की यह हृदयविदारक घटना जिले के मलयपुर थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां एक होनहार बीटेक इंजीनियर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मलयपुर थाना क्षेत्र के कटौना आईटीआई कॉलेज के पास सोमवार की रात करीब नौ बजे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार अचानक बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई और पलट गई। इस भीषण हादसे में कार पर सवार पांच साथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक की जान चली गई।

टीसीएस में होने वाली थी जॉइनिंग
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान बीटेक इंजीनियर सुप्रीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। मृतक सुप्रीत कुमार सिंह एक शहीद सैनिक के बेटे थे और उनकी हाल ही में टीसीएस में जॉइनिंग होने वाली थी। घर के इकलौते चिराग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। खुशियों का माहौल अचानक गहरे मातम में तब्दील हो गया है।

चाय पीने निकले थे दोस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुप्रीत कुमार सिंह अपने साथियों के साथ कार से चाय पीने के लिए बाहर निकले हुए थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लिप्ट्स के पेड़ से जोरदार टक्कर के बाद पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







