Jahanabad Accident: बिहार के जहानाबाद में एक भीषण सड़क हादसे ने दो इंजीनियरिंग छात्रों की जान ले ली है. जहानाबाद-गया सीमा पर हुलासगंज थाना क्षेत्र के कंदौल गांव के पास सड़क पर खड़े एक हार्वेस्टर में छात्रों से भरी ऑटो पीछे से जा घुसी. इस दर्दनाक घटना में हुलासगंज इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य छात्र और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों में से दो छात्रों की हालत बेहद चिंताजनक होने के कारण उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है, वहीं बाकी पांच छात्रों और ऑटो चालक का इलाज जहानाबाद के कुर्मा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

जहानाबाद की जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने इस हादसे में दो छात्रों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल हुए दो छात्रों को बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय मेडिकल कॉलेज में जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पूरे जिले में हड़कंप मच गया. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए जहानाबाद, घोसी और काको से एंबुलेंस हुलासगंज भेजी गईं. हुलासगंज थाने की पुलिस टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हार्वेस्टर के नीचे फंसे ऑटो और छात्रों को बाहर निकाला.

परीक्षा देकर लौट रहे थे छात्र, हार्वेस्टर से टकराई ऑटो
मिली जानकारी के अनुसार, सभी छात्र हुलासगंज इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थी हैं. वे गया में आयोजित 2024-28 सेमेस्टर की परीक्षा देने के बाद एक ऑटो बुक करके वापस लौट रहे थे. ऑटो में कुल नौ छात्र सवार थे और चालक सहित दस लोग इसमें यात्रा कर रहे थे. हुलासगंज के कंदौल गांव के निकट एक हार्वेस्टर का पहिया फट जाने के कारण वह सड़क किनारे खड़ा था. इसी दौरान गया की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही ऑटो के चालक ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो सीधे हार्वेस्टर के पिछले हिस्से में जा घुसी. इस भयानक टक्कर में ऑटो में सवार सभी नौ छात्र और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए.
दुर्घटना के बाद सभी घायलों को पहले हुलासगंज पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर किया गया. हालांकि, छात्रों के परिजनों के विशेष अनुरोध पर सभी घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद के कुर्मा मेडिकल कॉलेज भेजा गया. मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दो छात्रों ने दम तोड़ दिया. दो अन्य छात्रों की स्थिति बिगड़ने पर उन्हें गंभीर हालत में पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है. बाकी पांच छात्रों और ऑटो चालक का इलाज कुर्मा मेडिकल कॉलेज में जारी है.
डीएम-एसडीओ ने लिया घायलों का हाल, बेहतर इलाज का निर्देश
घटना की जानकारी मिलते ही जहानाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया भी कुर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंचीं और घायल छात्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. उन्होंने अस्पताल के निदेशक और चिकित्सकों को सभी घायलों का सर्वोत्तम इलाज सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं.
घायल हुए छात्रों में अविनाश कुमार, आकाश कुमार, मुन्ना कुमार, विकास कुमार, गौरव कुमार, अनंत कुमार, अंकित कुमार, कुमार गौरव, आशीष कुमार और मनप्रीत शामिल हैं. हालांकि, तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन दो छात्रों की इस हादसे में मौत हुई है. अस्पताल में चिकित्सक लगातार घायलों के इलाज और उनकी स्थिति को स्थिर करने में जुटे हुए हैं. इस दुखद घटना की खबर मिलते ही छात्रों के परिजन बदहवास हालत में कुर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंच रहे थे, जिससे अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई है.







