मधुबनी, देशज टाइम्स ब्यूरो। बेनीपट्टी प्रखंड के अड़ेर थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय इंटर की छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। छात्रा की लाश स्थानीय तालाब किनारे से रविवार को बरामद की गई है। उसका मुंह दाबकर पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया फिर उसकी हत्या कर लाश वहीं फेंककर अपराधी भाग खड़े हुए। घटना स्थल के निकट दो देसी शराब की बोतल व नमकीन भजिया के पैकेट भी बरामद हुए हैं। ग्रामीणों व पुलिस के बीच शव को उठाने को लेकर हल्की नोंक-झोंक भी हुई। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, लाश मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। शव का मुंह ओढ़नी से बंधा हुआ था। आशंका है, उसके साथ पहले दुष्कर्म किया गया। फिर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इधर, युवती का शव मिलते ही उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लड़की 24 अक्टूबर की सुबह आठ बजे अपने घर से तालाब पर मिट्टी लाने गई थी। लेकिन, शाम तक वह वापस नहीं लौटी तो स्वजन चिंतित हो उठे। परिवार व गांव के लोगों ने उसकी खोज शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। शाम तक लड़की के घर वापस नहीं आने पर स्वजनों ने पुलिस को सूचित किया। स्वजनों व ग्रामीणों ने शनिवार की शाम तालाब किनारे भी लड़की को खोजा, लेकिन वह नहीं मिली। रविवार की सुबह तालाब किनारे ही लड़की का मुंह बंधा शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने शव को तालाब किनारे से उठाकर बगीचा में रख दिया। सूचना मिलते ही अड़ेर थानाध्यक्ष राज किशोर कुमार दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। हालांकि, ग्रामीणों व पुलिस के बीच शव को उठाने को लेकर हल्की नोंक-झोंक भी हुई। पिता तारकेश्वर शाह पेंटर का कार्य करते हैं। माता आशा देवी बेटी की मौत की खबर सुनते ही बेहोश होकर नीचे गिर पड़ी। ग्रामीण हत्यारे की गिफ्तारी की मांग कर रहे हैं।