मुख्य बातें
बेनीपट्टी के ब्रह्मपुरा पंचायत में भ्रमण कर बीडीओ ने लिया पीएम आवास निर्माण की स्थिति का जायजा
बीडीओ ने कहा-15 अगस्त से पूर्व आवास निर्माण कार्य पूर्ण कर लें लाभुक, वरना कार्रवाई के लिए रहें तैयार
फोटो: बेनीपट्टी के ब्रह्मपुरा में आवास योजना के लाभुकों से निर्माण से संबंधित जानकारी लेते बीडीओ व अन्य
बेनीपट्टी, मधुबनी देशज टाइम्स ब्यूरो। बेनीपट्टी के प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि रंजन लगातार अपने कर्मियों के साथ बैठक और विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर आवास निर्माण सहित सरकार की ओर से संचालित सभी विकासात्मक योजनाओं को गति देने में लगे हुए हैं।
इसी कड़ी में बीडीओ श्री रंजन ने ब्रह्मपुरा पंचायत के चतरा, अकुली और ब्रह्मपुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों का भौतिक सत्यापन किया। साथ ही लाभुकों से आवास निर्माण के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारी ली। उन्होंने निर्माण में आ रही समस्याओं का कारण लाभुकों से पूछा और नोटिस व नीलाम पत्र वाद दायर के बाद होने वाली राशि वसूली की कार्रवाई से भी अवगत कराया।
बीडीओ ने बताया कि लाभुकों को 15 अगस्त से पूर्व आवास निर्माण हर हाल में पूर्ण कर लेना है। अगर ऐसा नही किया गया तो ऐसी स्थिति में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की सख्त हिदायत भी दी गयी है। उन्होंने बताया कि आवास लाभुक योजना की राशि का उपयोग केवल आवास निर्माण में ही करें।
दूसरे मद में उक्त राशि को उपयोग करने पर कार्रवाई झेलनी पड़ सकती है। हां, अगर किसी प्रकार की समस्या होती है तो लाभुक स्वयं आवेदन के साथ प्रखंड कार्यालय में आकर मुझसे मिल सकते हैं और समस्या से अवगत करा सकते हैं, ताकि प्रशासन की ओर से जांच कर यथोचित कार्रवाई किया जा सके।
बीडीओ ने कहा कि सभी आवास सहायक को अपने अपने आवंटित पंचायतों में भ्रमण कर लाभुकों से मिलकर आवास निर्माण की स्थिति से भी अवगत होते रहने और कार्यालय को भी रिपोर्ट उपलब्ध कराते रहने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतनेवाले आवास कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
योजना की राशि के भुगतान में विलंब होने पर संबंधित आवास सहायक की जवाबदेही तय की जाएगी। मौके पर मुखिया शैलेंद्र कुमार झा, आवास पर्यवेक्षक रजनीश कुमार, आवास सहायक व लेखपाल समेत अन्य लोग भी मौजूद थे।

















